China से बांग्लादेश भेजा जा रहा था मिसाइल बनाने का कच्चा माल! साजिश नाकाम…

China Secret Cargo Seized: चीन से बांग्लादेश जा रहे एक संदिग्ध मालवाहक जहाज को इंडोनेशिया की नौसेना ने समुद्र में रोककर 405 टन सोडियम परक्लोरेट जब्त किया है, जिसका उपयोग रॉकेट और मिसाइल के प्रोपेलेंट निर्माण में किया जाता है। इसके साथ ही जहाज से लाखों की संख्या में बिना रजिस्ट्रेशन वाले खाली 4G LTE सिम कार्ड भी बरामद किए गए हैं।

इंडोनेशियाई नौसेना के एक वरिष्ठ कमांडर के अनुसार, जब्त किए गए इस रासायनिक पदार्थ की मात्रा इतनी अधिक है कि इससे लगभग 100 मिसाइलों के लिए ईंधन या प्रोपेलेंट तैयार किया जा सकता है।

इस बड़ी बरामदगी के बाद यह सवाल गहरा गया है कि इतनी भारी मात्रा में मिसाइल-ग्रेड केमिकल बांग्लादेश क्यों भेजा जा रहा था और वहां इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी।

इंडोनेशियाई नौसेना ने की घेराबंदी

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कोमोरोस के झंडे वाला मालवाहक जहाज एमवी स्टार लाइन्स (MV Star Lines) चीन के लियानयुंगांग बंदरगाह से रवाना होकर बांग्लादेश के मोंगला पोर्ट की ओर जा रहा था। यह जहाज 8 नवंबर को बांग्लादेश पहुंचने वाला था, लेकिन उससे एक दिन पहले 7 नवंबर को इंडोनेशिया के उत्तरी सुमात्रा स्थित बेलावन के समुद्री क्षेत्र में इसकी संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए नौसेना ने इसे रोक लिया।

जहाज ने बेलावन के पास बिना किसी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के ठहराव किया था। जब इंडोनेशियाई नौसेना के गश्ती जहाज KRI Sigalu-857 ने रेडियो के माध्यम से संपर्क साधने की कोशिश की, तो चालक दल की ओर से कोई उत्तर नहीं दिया गया। जांच में यह भी सामने आया है कि समुद्री यात्रा के दौरान जहाज ने अपना ऑटोमैटिक आइडेंटिफिकेशन सिस्टम (AIS) बंद कर दिया था, जिसके बाद नौसेना ने जहाज पर चढ़कर तलाशी अभियान चलाया और 20 नवंबर को बेलावन में प्रेस वार्ता कर इस कार्रवाई का खुलासा किया।

15 कंटेनरों में मिला रसायन

तलाशी के दौरान जहाज पर लदे कुल 36 कंटेनरों में से 15 कंटेनरों में 405 टन सोडियम परक्लोरेट भरा मिला, जबकि 54 पैलेट में लाखों खाली 4G LTE सिम कार्ड बरामद हुए। विशेषज्ञों के मुताबिक, सोडियम परक्लोरेट स्वयं विस्फोटक नहीं होता, लेकिन यह एक शक्तिशाली ऑक्सीडाइजिंग एजेंट है जो रॉकेट व मिसाइल प्रोपेलेंट तथा विस्फोटक बनाने में प्रमुख घटक के रूप में प्रयुक्त होता है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, बांग्लादेश के पास छोटे हथियार और गोला-बारूद बनाने की सीमित रक्षा इकाई है, लेकिन वहां रॉकेट या मिसाइल निर्माण का बुनियादी ढांचा मौजूद नहीं है। इसके अतिरिक्त जहाज के पंजीकरण और शिपिंग दस्तावेजों में भी विसंगतियां पाई गई हैं। इंडोनेशियाई नौसेना अब जहाज के वास्तविक मालिक, खेप भेजने वाली कंपनी और बांग्लादेश में इसके प्राप्तकर्ता की पहचान करने के लिए गहन जांच कर रही है।

चीन के बढ़ते प्रभाव के बीच बढ़ी चिंता

मोंगला बंदरगाह बांग्लादेश का दूसरा सबसे बड़ा बंदरगाह है, जो सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। भारत को वर्ष 2015 और 2018 के द्विपक्षीय समझौतों के तहत मोंगला और चटगांव बंदरगाहों के उपयोग की सुविधा प्राप्त है और भारत ने मोंगला तक रेल संपर्क सुधारने में भी निवेश किया है।

दूसरी ओर, चीन ने जून 2026 में मोंगला के समीप 110 एकड़ भूमि पर आर्थिक क्षेत्र विकसित करने का समझौता किया था और वह इस बंदरगाह के विस्तार व आधुनिकीकरण के लिए लगभग 336 मिलियन डॉलर का ऋण भी दे चुका है। ऐसे परिदृश्य में चीन से मोंगला पोर्ट जा रहे जहाज से मिसाइल निर्माण में प्रयुक्त होने वाले रसायन और लाखों सिम कार्ड की बरामदगी ने क्षेत्रीय सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।

Back to top button