आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर पलटी स्कूल बस, चार छात्रों की मौत; 35 से अधिक घायल

Kannauj Bus Accident: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार, 24 नवंबर 2026 की सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में स्कूल टूर से लौट रहे चार छात्रों की मौत हो गई, जबकि 35 से अधिक छात्र और स्कूल स्टाफ सदस्य घायल हो गए।

यह हादसा ठठिया थाना क्षेत्र के गांव बैसुइया के सामने उस समय हुआ, जब कौशांबी के सिराथू क्षेत्र स्थित अफजलपुर वारी के ओरिएंटल पब्लिक स्कूल की बस आगरा से बच्चों को लेकर वापस लौट रही थी।

पीछे से ट्रक ने मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार, ओरिएंटल पब्लिक स्कूल के लगभग 50 छात्र-छात्राएं और शिक्षक रविवार को दो दिवसीय शैक्षणिक टूर पर बस से आगरा गए थे और मंगलवार सुबह वापस कौशांबी लौट रहे थे। रास्ते में कन्नौज के ठठिया क्षेत्र स्थित गांव बैसुइया के सामने छात्रों को लघुशंका कराने के लिए चालक बस को धीमा कर सड़क किनारे लगा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और सड़क पर पलट गई।

चार छात्रों की मौत

इस दर्दनाक हादसे में चार छात्रों की मृत्यु हो गई, जिनकी पहचान अफजलपुर वारी कौशांबी निवासी 14 वर्षीय आर्यन चौरसिया (पुत्र प्रेम कुमार चौरसिया) और 17 वर्षीय रजी उल्ला (पुत्र शमी उल्ला), नदौरा खखरेड़ू फतेहपुर निवासी 17 वर्षीय जैद मिर्जा (पुत्र रियाज अहमद) तथा गौरे खखरेड़ू फतेहपुर निवासी 17 वर्षीय अरमान (पुत्र रियाज अहमद) के रूप में हुई है।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और सभी घायलों को तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। घायलों में कौशांबी के छात्र अस्मित चौरसिया, अदुर रहमान, उमेशारा, अहमद रजा, अभिषेक कुमार, मुजस्सिम शेख, अरब्ध गुप्ता और सलमान सिद्दीकी शामिल हैं।

इसके अलावा बस चालक मोहम्मद जाहिद तथा स्कूल स्टाफ सदस्य सलमान, हिमांशु, कामरान, भूपेंद्र और आकाश भी घायल हुए हैं, जिनका चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है।

Back to top button