
WhatsApp Web चलाने वालों को सरकार की चेतावनी, हैक हो सकता है अकाउंट
WhatsApp Web Security Advisory: यदि आप कार्यालय या किसी अन्य व्यक्ति के कंप्यूटर पर व्हाट्सऐप वेब का उपयोग करते हैं और काम पूरा होने के बाद लॉग-आउट करना भूल जाते हैं, तो ये लापरवाही आपकी डिजिटल सुरक्षा के लिए जोखिम बन सकती है। भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अधीन कार्यरत इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) ने इस संबंध में एक महत्वपूर्ण साइबर सुरक्षा एडवाइजरी जारी करते हुए यूजर्स को सतर्क किया है।
एडवाइजरी में स्पष्ट कहा गया है कि कंप्यूटर पर व्हाट्सऐप सेशन को खुला छोड़ देने से कोई भी अनधिकृत व्यक्ति आपके निजी संदेशों और अकाउंट तक आसानी से पहुंच बना सकता है, इसलिए प्रत्येक सत्र के बाद स्वयं लॉग-आउट करना अनिवार्य है।
अकाउंट के दुरुपयोग का खतरा
I4C की नेशनल साइबरक्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट द्वारा जारी इस चेतावनी में विशेष रूप से ऑफिस कंप्यूटर और ऐसे साझा उपकरणों का उल्लेख किया गया है, जिनका उपयोग एक से अधिक लोग करते हैं। एजेंसी के अनुसार, यदि किसी अन्य व्यक्ति को आपके सक्रिय व्हाट्सऐप वेब सेशन तक पहुंच मिल जाती है, तो वह आपके व्यक्तिगत संदेश पढ़ सकता है, कॉन्टैक्ट्स व ग्रुप चैट देख सकता है और आपके खाते से किसी अन्य व्यक्ति को संदेश भी भेज सकता है। इससे साइबर ठगों को आपके परिचितों, मित्रों और रिश्तेदारों से संपर्क कर धोखाधड़ी करने का अवसर मिल सकता है।
जानें बचाव के उपाय
एडवाइजरी में यह भी रेखांकित किया गया है कि केवल ब्राउजर का टैब या विंडो बंद कर देने से व्हाट्सऐप वेब का लॉग-इन सेशन समाप्त नहीं होता और वह पृष्ठभूमि में सक्रिय रह सकता है। इसी वजह से साइबर कैफे, होटल के बिजनेस सेंटर या किसी से उधार लिए गए कंप्यूटर पर व्हाट्सऐप वेब में साइन-इन करने से बचने की सलाह दी गई है।
सरकार ने यूजर्स को सुझाव दिया है कि यदि किसी भरोसेमंद कंप्यूटर पर थोड़े समय के लिए व्हाट्सऐप वेब चलाना आवश्यक हो, तो ब्राउजर की प्राइवेट विंडो (Incognito Mode) का उपयोग करें और विंडो बंद करने से पहले स्वयं लॉग-आउट करें।
इसके अलावा व्हाट्सऐप वेब के माध्यम से पासवर्ड, बैंक विवरण या अन्य संवेदनशील जानकारी साझा न करने, अपने फोन के लिंक्ड डिवाइसेस विकल्प से सक्रिय सेशन की नियमित जांच करने तथा कंप्यूटर के ऑपरेटिंग सिस्टम, ब्राउजर और एंटीवायरस को सदैव अपडेट रखने की भी हिदायत दी गई है।





