अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी आज, भारी भीड़ के कारण घुड़दौड़ स्थगित

Anant Singh Daughter Shivangi Wedding: मोकामा के विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह का विवाह समारोह बुधवार, 25 नवंबर 2026 को पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल स्थित पैतृक गांव नदवां में आयोजित हो रहा है।

शिवांगी सिंह का विवाह बिहटा निवासी ऋषिकेश कुमार के साथ संपन्न हो रहा है, लेकिन विवाह समारोह के दौरान आयोजित घुड़दौड़ प्रतियोगिता को मैदान में उमड़ी भारी भीड़ के कारण स्थगित कर दिया गया है।

अनंत सिंह ने घुड़दौड़ किया स्थगित

विवाह समारोह के क्रम में घुड़दौड़ प्रतियोगिता देखने के लिए आयोजन स्थल और आसपास के मैदान में बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। भीड़ के दबाव को देखते हुए अनंत सिंह ने स्वयं प्रतियोगिता को स्थगित करने का ऐलान किया और स्पष्ट कहा कि अब घुड़दौड़ नहीं होगी तथा लोग मैदान में घूम सकते हैं।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन अब बाद में किया जाएगा। इससे पहले आयोजन को लेकर मेहमानों के स्वागत, विशाल पंडाल, सजावट और भोजन के व्यापक इंतजाम किए गए थे, वहीं मंगलवार को मेहंदी व संगीत की रस्में भी संपन्न हुई थीं।

नदवां में मेहमानों का आगमन

नदवां गांव में बनाए गए विशेष हेलीपैड पर हेलीकॉप्टरों की लैंडिंग भी शुरू हो गई है। दूसरा हेलीकॉप्टर उत्तर प्रदेश के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह को लेकर पहुंचा है।  हेलीकॉप्टरों की लैंडिंग के साथ ही शादी समारोह की रौनक और बढ़ गई है।

विवाह समारोह में शामिल होने के लिए विभिन्न क्षेत्रों से मेहमानों व परिचितों के पहुंचने का सिलसिला जारी है, जिनमें केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, सांसद विवेक ठाकुर और साधु यादव सहित कई अतिथियों के नदवां पहुंचने की खबरें सामने आई हैं।

इससे पहले बेमौसम बारिश और मैदान में कीचड़ की स्थिति के कारण तैयारियों पर असर पड़ा था, जिसके बाद मिट्टी व बालू डालकर व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया गया था। अब भीड़ प्रबंधन के मद्देनजर घुड़दौड़ को टालते हुए परिवार और आयोजक विवाह की अन्य रस्मों व अतिथि सत्कार पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।

मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शाही शादी को लेकर उनके पैतृक गांव नदवां में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बारात के स्वागत के लिए भव्य पंडाल सजकर तैयार है। पंडाल को आकर्षक तरीके से सजाया गया है। मेहमानों के स्वागत और उनकी खातिरदारी के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। शादी समारोह की भव्य सजावट और तैयारियां लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।

Back to top button