
‘धनंजय सिंह ने कराई अजीत सिंह की हत्या’, घायल मोहर सिंह ने कोर्ट में दाखिल की अर्जी
Lucknow News: राजधानी लखनऊ के चर्चित अजीत सिंह हत्याकांड में नया कानूनी मोड़ आया है, जहां इस हमले में घायल हुए वादी मोहर सिंह ने जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह के खिलाफ हत्या और आपराधिक साजिश रचने के आरोप में मुकदमा चलाने की मांग करते हुए एमपी-एमएलए कोर्ट (MP-MLA Court) में अर्जी दाखिल की है।
इस प्रार्थना पत्र पर विशेष न्यायाधीश (एडीजे) उमाकांत जिंदल ने सुनवाई के लिए आगामी 1 दिसंबर 2026 की तिथि निर्धारित की है, जिस दिन आपत्ति दाखिल करने और अर्जी के निस्तारण पर विचार किया जाएगा।
साजिश रचने का आरोप
वादी मोहर सिंह की ओर से न्यायालय में प्रस्तुत किए गए प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि मऊ के मोहम्मदाबाद गोहना के पूर्व ज्येष्ठ उपप्रमुख अजीत सिंह उनके घनिष्ठ मित्र थे और पूर्व विधायक सर्वेश सिंह उर्फ सीपू हत्याकांड के प्रमुख गवाह भी थे। अर्जी में आरोप लगाया गया है कि पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने आपराधिक साजिश रचकर अपने साथियों के माध्यम से अजीत सिंह की हत्या करवाई, जिसमें मोहर सिंह स्वयं भी गोली लगने से घायल हुए थे।
प्रार्थना पत्र में यह भी दावा किया गया है कि मुकदमे की सुनवाई के दौरान कई गवाहों के बयानों से हत्या की साजिश रचने, वारदात को अंजाम देने में सहयोग करने तथा हमलावरों को धन व अन्य संसाधन उपलब्ध कराने की बात सामने आई है। वादी का यह भी आरोप है कि पूर्व सांसद ने राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए विरोधियों को रास्ते से हटाने का काम किया।
विभूतिखंड में हुई थी वारदात
गौरतलब है कि 7 जनवरी 2021 की रात लखनऊ के विभूतिखंड थाना क्षेत्र के कठौता चौराहे के पास शूटर कन्हैया विश्वकर्मा उर्फ गिरधारी उर्फ डॉक्टर ने तीन अन्य अज्ञात साथियों के साथ मिलकर अजीत सिंह और मोहर सिंह पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई थीं। इस हमले में अजीत सिंह की मौत हो गई थी, जबकि मोहर सिंह गंभीर रूप से घायल हुए थे।
मामले की जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया था कि यह हमला जेल में निरुद्ध अपराधी ध्रुव सिंह उर्फ कुंटू और अखंड प्रताप सिंह के इशारे पर सुनियोजित ढंग से कराया गया था। पूर्व में इस प्रकरण की विवेचना एसटीएफ द्वारा भी की गई थी, जबकि मुख्य शूटर गिरधारी बाद में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था। अब अदालत ने वादी की नई अर्जी की प्रति पूर्व सांसद के अधिवक्ता को उपलब्ध करा दी है और 1 दिसंबर की सुनवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।





