
Netflix की पहली पाकिस्तानी सीरीज पर बवाल, भारत में बैन की मांग
Jo Bachay Hain Sang Samait Lo: चार दिसंबर 2026 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने जा रही पाकिस्तानी वेब सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ को लेकर भारत में विरोध तेज हो गया है। पहली पाकिस्तानी ओरिजिनल वेब सीरीज का ट्रेलर रिलीज हो गया है।
इसमें फवाद खान और माहिरा खान प्रमुख किरदारों में हैं। भारत में इस सीरीज की स्ट्रीमिंग पर प्रतिबंध की मांग की जा रही है। इसे लेकर ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। वहीं, शिव सेना ने भी सीरीज का विरोध किया है।
सख्त कानून की मांग
संगठन की ओर से साझा किए गए पत्र में 8 मई 2025 की सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की एडवाइजरी का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि राष्ट्रीय हित और जनभावनाओं को देखते हुए इस सीरीज को भारतीय दर्शकों के लिए उपलब्ध कराना उस दिशा-निर्देश की भावना के विपरीत होगा। संगठन ने नेटफ्लिक्स इंडिया और अन्य ओटीटी प्लेटफॉर्म से अपील की है कि वे भारत में किसी भी प्रकार की पाकिस्तानी सामग्री, फिल्म, गीत या सीरीज का प्रसारण न करें।
पत्र में यह मांग भी की गई है कि पाकिस्तानी कलाकारों, कंटेंट और प्रोडक्शंस को भारतीय सिनेमा, टेलीविजन तथा ओटीटी मंचों से दूर रखने के लिए कड़ी सजा के प्रावधानों वाला एक सख्त और स्थायी कानून बनाया जाए।
उपन्यास पर आधारित है सीरीज
यह सीरीज लेखिका फरहत इश्तियाक के इसी नाम के उपन्यास पर आधारित बताई जा रही है और इसे मोमिना दुरैद फिल्म्स के बैनर तले तैयार किया गया है, जिसकी शूटिंग पाकिस्तान, इटली और ब्रिटेन में हुई है। इसमें फवाद खान, माहिरा खान, हानिया आमिर, सनम सईद और अहद रजा मीर जैसे कलाकार शामिल हैं।
हालांकि वैश्विक स्तर पर इसकी रिलीज की तैयारी के बीच नेटफ्लिक्स की ओर से भारत में इस शो की उपलब्धता को लेकर अब तक कोई अलग से स्पष्ट घोषणा नहीं की गई है, वहीं फिल्म संगठनों की अपील के बाद इस विषय पर चर्चा तेज हो गई है।





