Ramayana की टीम से मिले गृह मंत्री Amit Shah, इस कारण नहीं पहुंचे यश

Amit Shah Meets Ramayana Team: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुरुवार, 26 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में फिल्म ‘रामायण’ की टीम से मुलाकात की और महाकाव्य के इतिहास व इसके संदेशों पर चर्चा की।

फिल्म के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स पर साझा की गई तस्वीरों में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, निर्देशक नितेश तिवारी, निर्माता नमित मल्होत्रा और सह-निर्माता नीरज संघाई गृह मंत्री के साथ संवाद करते नजर आए। हालांकि, इस मुलाकात में यश किन्हीं कारणों से शामिल नहीं हो पाए।

गृह मंत्री ने प्रयास को सराहा

मुलाकात के बाद अमित शाह ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि नई दिल्ली में ‘रामायण’ फिल्म की टीम से भेंट हुई। उन्होंने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम ने अपने जीवन से कर्तव्यपालन, त्याग और सत्यनिष्ठा के जो आदर्श स्थापित किए हैं, उन्हें सिनेमा की आधुनिक तकनीक के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाने के इस अभिनव प्रयास के लिए पूरी टीम को बधाई।

निर्माताओं ने भी इस भेंट को सम्मानजनक बताते हुए कहा कि फिल्म को देश और दुनिया भर के सिनेमाघरों में दर्शकों से भरपूर स्नेह मिल रहा है। इससे पहले 25 नवंबर 2026 को फिल्म की टीम ने दिल्ली स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा बंगला साहिब में माथा टेककर आशीर्वाद भी लिया था।

इस मुलाकात का हिस्सा नहीं बन पाए यश

अमित शाह से हुई इस खास मुलाकात के मौके पर जहां रणबीर कपूर और साई पल्लवी सहित रामायणम् की पूरी टीम मौजूद रही, तो वहीं मूवी में लंकापति ‘रावण’ का किरदार अदा करने वाले यश इस खास मौके पर बिजी शेड्यूल के कारण नहीं पहुंच पाए। रिपोर्ट्स की मानें तो यश अभी काम के सिलसिले में हैं, जिसकी वजह से वह अमित शाह से मुलाकात नहीं कर पाए।

रामायण की ग्लोबल कमाई

बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों के अनुसार, रिलीज के 21 दिनों में ‘रामायण’ ने भारतीय बाजार में 982.45 करोड़ रुपये की नेट कमाई और 1,173.50 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन दर्ज किया है, जबकि इसका विश्वव्यापी ग्रॉस कलेक्शन 1,755.50 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है।

इस प्रदर्शन के साथ यह फिल्म अल्लू अर्जुन अभिनीत पुष्पा 2 के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ते हुए दुनिया भर में सर्वाधिक कमाई करने वाली चौथी भारतीय फिल्म बन गई है।

Back to top button