
‘Women Reservation के रास्ते में आने वाले रुकावट को खत्म करके रहेंगे’:Modi
Prime Minister Narendra Modi: संसद के विशेष सत्र में महिला आरक्षण विधेयक लाने की तैयारियों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि वे ‘नारी शक्ति’ से किए वादे को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि हमारा हौसला भी बुलंद है, हमारी हिम्मत भी अटूट है और हमारा इरादा भी अडिग है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, “हमने अपनी ‘नारी शक्ति’ से एक वादा किया था और हम उसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
इसके साथ ही, पीएम मोदी ने महिला आरक्षण को लेकर अपना एक पुराना वीडियो भी शेयर किए। इस वीडियो संदेश में पीएम मोदी ने कहा, “नारीशक्ति को भागीदारी दिलाने की लड़ाई दशकों से चल रही है। वर्षों से मैं भी इसके लिए प्रयास करने वालों में से एक हूं। कितनी ही महिलाएं ये विषय मेरे सामने उठाती रही हैं। कितनी ही बहनों ने पत्र के द्वारा मुझे सारी बातें बताई हैं।
उन्होंने कहा कि मैं जानता हूं कि देश की 100 परसेंट नारीशक्ति का आशीर्वाद हमारे साथ है। मैं देश की हर नारी को विश्वास दिलाता हूं, हम महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाले हर रुकावट को खत्म करके रहेंगे, हटाकर के रहेंगे। हमारा हौसला भी बुलंद है, हमारी हिम्मत भी अटूट है और हमारा इरादा भी अडिग है। महिला आरक्षण का विरोध करने वाली पार्टियां, ये देश की नारी शक्ति को संसद और विधानसभाओं में उनकी भागीदारी बढ़ाने से कभी भी रोक नहीं पाएंगे, सिर्फ वक्त का इंतजार है।




