Delimitation Bill से UP में बढ़ेगा प्रतिनिधित्व, महिलाओं को मिलेगा बड़ा अवसर:Amit Shah

 

Home Minister Amit Shah: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 132वें संविधान संशोधन विधेयक को कैबिनेट की मंजूरी मिलने को देश के सभी राज्यों में जनप्रतिनिधित्व बढ़ाने और शासन को जनता के और करीब लाने की दिशा में बड़ा कदम बताया है।प्रस्तावित संशोधन से उत्तर प्रदेश में भी विधानसभा का प्रतिनिधित्व बढ़ सकेगा और महिला आरक्षण के जरिए प्रदेश की महिलाओं को अब तक का सबसे बड़ा प्रतिनिधित्व मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कैबिनेट द्वारा 132वें संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी देना जनप्रतिनिधित्व बढ़ाने और शासन को जनता के करीब लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि विधेयक में संविधान के अनुच्छेद 170(1) में संशोधन कर राज्य विधानसभाओं की सीटों की अधिकतम सीमा 500 से बढ़ाकर लगभग 650 करने का प्रस्ताव है। इससे उत्तर प्रदेश अविभाजित रहते हुए विधानसभा में अपना प्रतिनिधित्व बढ़ा सकेगा। साथ ही, महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण से प्रदेश की महिलाओं को अब तक का सबसे बड़ा प्रतिनिधित्व मिलेगा।

गृह मंत्री ने कहा कि अधिक जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्रों की प्राथमिकताओं और स्थानीय जरूरतों को सदन में रख सकेंगे। इससे क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाएं बनाने और विकास को गति देने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह निर्णय उत्तर प्रदेश में सुशासन और जनभागीदारी, दोनों को मजबूत करेगा। अमित शाह ने उत्तर प्रदेश के सभी राजनीतिक दलों से इस ऐतिहासिक विधेयक का स्वागत और समर्थन करने की अपील की।

इस बीच, संसद के विशेष सत्र में महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों को आगे बढ़ाने की तैयारी के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी महिला आरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को एक्स पर पोस्ट कर कहा, “हमने अपनी ‘नारी शक्ति’ से एक वादा किया था और हम उसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके साथ उन्होंने महिला आरक्षण को लेकर अपना पुराना वीडियो भी साझा किया। वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि नारी शक्ति को भागीदारी दिलाने की लड़ाई दशकों से चल रही है और वह भी लंबे समय से इस प्रयास का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई महिलाओं ने इस मुद्दे को उनके सामने उठाया और पत्र लिखकर अपनी बात रखी।

 

Back to top button