
Akhilesh Yadav बताएं, उनके लिए Quran बड़ा है या Constitution?:O P Rajbhar
भ्रष्टाचार के लिए इंडी गठबंधन को कैसे भी सत्ता चाहिए?:Rajbhar
Quran Constitution Akhilesh Yadav OP Rajbhar: Suheldev Bharatiya Samaj Party के अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने अखिलेश यादव से सवाल किया है कि उनके लिए कुरान बड़ा है या संविधान? ओपी राजभर ने पोस्ट में लिखा, “मित्र अखिलेश यादव, राधे राधे महाराज, सुना है आपको रैपिड फायर राउंड बहुत पसंद है। उसी अंदाज में बता दीजिए कि आपके लिए कुरान बड़ा है या संविधान? आप अपने एसी-पीसी और सोशल मीडिया में तो अक्सर संविधान और आरक्षण को लेकर बड़ी-बड़ी डींग हांकते हैं, मगर प्रेम छलकता है कुरान के लिए। सच-सच बताइएगा, कभी बाबा साहेब का पूरा संविधान पढ़े भी हैं?
राजभर ने कहा अपने कारनामों की शेखी बघारने से फुर्सत मिले तब तो पढ़ाई-लिखाई में मन लगेगा। अगर सच में संविधान पढ़े होते तो आपको पता होता कि धर्म के आधार पर आप क्या आपकी दस पुश्तें भी चाह लें तो आरक्षण नहीं दे सकतीं। ये मैं नहीं कह रहा, बाबा साहेब का संविधान कह रहा है। किसको मूर्ख बनाने चले हैं आप? वोट बटोरने के खातिर मुसलमानों को आरक्षण का लॉलीपॉप देने की घोषणा कर दी। अरे मित्र, अब तो आपका ‘पीट देगा अब्दुल’ भी समझदार हो चुका है। हम गैर-यादव पिछड़ों और दलितों के लिए संविधान ही सबसे बड़ा है और माननीय सुप्रीम कोर्ट भी बार-बार कह चुका है कि इस देश में आरक्षण धर्म के आधार पर नहीं दिया जा सकता।
उन्होंने अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने लिखा, “अरे अखिलेश जी, आप और आपके दिल्ली वाले फॉरेनर भइया दोनों लोग बिलायती पढ़ाई करके आए हैं। शायद इसीलिए श्रद्धेय बाबा साहेब के संविधान को समझ नहीं पा रहे आप लोग। समझेंगे कैसे? जब आप लोग कभी श्रद्धेय बाबा साहेब को ही नहीं समझ सके तो उनके बनाए संविधान को क्या खाक समझेंगे। अब तो ये शक भी पक्का होने लगा है कि सत्ता मिलने पर आप और आपके फॉरेन वाले बड़के भइया मुस्लिमों को आरक्षण देने के लिए संविधान को ही बदल देंगे?
उन्होंने कहा अरे महाराज! इंदिरा साहनी केस पढ़ लीजिए या फिर 2024 के पश्चिम बंगाल ओबीसी मामले में कोर्ट का आदेश पढ़ लीजिए, या आंध्र प्रदेश का मामला ही पढ़ लीजिए। माननीय कोर्ट ने हर बार साफ-साफ और स्पष्ट शब्दों में कहा है कि धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं दिया जा सकता। आंध्र प्रदेश में तो मुस्लिमों को अलग से आरक्षण देने की कोशिश को वहां की हाईकोर्ट और फिर सुप्रीम कोर्ट दोनों ने रद्द कर दिया। अब लग रहा है कि अपनी मंशा पूरी करने के लिए आप दोनों लोग सीधे संविधान ही बदल देने की फिराक में हैं।
उन्होंने आरोप लगाया पूरा देश जानता है कि लूट-खसोट और भ्रष्टाचार के लिए आप और आपके इंडी गठबंधन को कैसे भी सत्ता चाहिए। वैसे भी सैकड़ों बार आप लोगों ने श्रद्धेय बाबा साहेब के संविधान को पैरों तले रौंदा है। बहुत बड़े फरेबी हैं आप लोग और ये बात गैर यादव पिछड़ा और बहुजन समाज काफी अच्छे से समझ चुका है। संविधान बचाओ-संविधान बचाओ चिल्ला करके आप दोनों बड़के-छोटके भैया धीरे से खुद ही संविधान बदलने की कोशिश कर रहे हैं। कान खोलकर सुन लीजिए, आरक्षण में सेंध लगाना किसी के बाप की बपौती नहीं है। ये पूज्य बाबा साहेब का संविधान है। समानता और धर्मनिरपेक्षता संविधान के मूल ढांचे का हिस्सा हैं। संविधान बदल भी दिया तो सुप्रीम कोर्ट ऐसे किसी संशोधन को टिकने ही नहीं देगी।





