T20 WC: न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत ही टीम इंडिया को ले जा सकती है आगे

t20 world cup-2021

दुबई। टी-20 विश्व कप 2021 में 31 अक्टूबर की रात टीम इंडिया के लिए करो या मरो वाली रात है। इस दिन टीम इंडिया को न्यूजीलैंड के खिलाफ मैदान पर उतरना है। विडंबना यह है कि टी-20 विश्व कप में टीम इंडिया को आज तक न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत नहीं मिली है।

दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मैच में टीम इंडिया के हाथ से अगर जीत फिसली तो इस टी-20 विश्व कप का सफ़र भी लगभग समाप्त हो जाएगा।

टीम को आगे ले जाने की जिम्मेदारी मुख्यतः केएल राहुल, रोहित शर्मा और विराट कोहली पर होगी। केएल राहुल और रोहित शर्मा का रिकॉर्ड कीवी टीम के खिलाफ काफी अच्छा रहा है। आंकड़ों के मुताबिक ही अगर इनका बल्ला चला तो सेमीफाइनल का टिकट पक्का हो सकता है।

केएल राहुल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अब तक 5 टी-20 मैच खेले हैं और इस दौरान उनके बल्ले से 144.51 के स्ट्राइक रेट से 224 रन निकले हैं। उनका औसत भी 56 का रहा है, जबकि उन्होंने दो अर्धशतक भी जमाए हैं।

रोहित का भी रिकॉर्ड कीवी टीम के खिलाफ अच्छा रहा है। हिटमैन ने अब तक खेले 13 मुकाबलों में 137.95 के स्ट्राइक रेट से 388 रन बटोरे हैं। पिछले साल न्यूजीलैंड की धरती पर इन दोनों बल्लेबाजों ने जमकर धमाल मचाया था और फटाफट क्रिकेट की सीरीज में टीम इंडिया को 5-0 से जीत दिलाई थी। रोहित ने 4 मैचों में तब 150 के स्ट्राइक रेट से 140 रन बनाए थे।

दोनों टीमों के बीच पहली बार भिड़ंत हुई थी साल 2007 के टी-20 विश्व कप में जहां न्यूजीलैंड ने भारत को 10 रन से हराया था। 2016 टी-20 विश्व कप में दोनों टीमें एक दूसरे के खिलाफ मैदान पर उतरीं और कीवी टीम ने भारत को 47 रनों से हराया था।

Leave a Reply

Back to top button