कोरोना संक्रमण के नए मामलों बढ़त जारी, बीते 24 घंटों में 3303 केस

Corona

नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमण के नए मामलों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा गुरुवार को जारी आंकड़े के अनुसार बीते 24 घंटों में कोरोना के 3303 नए मामले सामने आए हैं और 39 मरीजों की मौत हुई है।

इस दौरान 2,563 लोग डिस्चार्ज भी हुए। देश में सक्रिय मरीजों की संख्या भी बढ़कर अब 16,980 हो गई है। डेली पाजिटिविटी दर भी बढ़कर 0.66% हो गई है। महामारी की शुरुआत से लेकर अब तक कुल 5,23,693 लोगों की मौत हुई है। बता दें कि बुधवार को 2,927 केस मिले थे और 32 लोगों की मौत हुई थी।

छह फरवरी के बाद दिल्ली में सबसे अधिक मामले

सबसे बड़ी चिंता की बात ये है कि नए मामलों में से 40 फीसदी मामले राजधानी दिल्ली से मिल रहे हैं। दिल्ली में बीते 24 घंटों में कोरोना के 1,367 नए मामले सामने आए, जो कि 6 फरवरी के बाद सबसे ज्यादा हैं। दिल्ली में एक्टिव केस 4832 हैं।

12 मार्च के बाद तीन हजार से ज्यादा मामले

देश में 12 मार्च के बाद तीन हजार से ज्यादा मामले दर्ज किए गए हैं। 12 मार्च को कोरोना संक्रमण के 3,116 मामले सामने आए थे।

इन राज्यों में मास्क अनिवार्य

उधर, कोरोना के बढ़ते मामलों चलते केरल सरकार ने भी सार्वजनिक जगहों पर मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है। इसका उल्लंघन करने पर जुर्माना भी लगेगा।

इसके अलावा गोवा सरकार ने एहतियात के तौर लोगों से इसे पहनने की अपील की है। दिल्ली सरकार पहले ही मास्क पहनना अनिवार्य कर चुकी है। दिल्ली और केरल के अलावा, यूपी-हरियाणा के कुछ जिलों कर्नाटक, पंजाब और चंडीगढ़ में भी मास्क पहनना अनिवार्य किया गया है।

Back to top button