
Lucknow: गोमतीनगर में रिटायर्ड दरोगा के हिस्ट्रीशीटर बेटे पर हमला, अज्ञात युवकों ने चलायी गोली
Lucknow News: गोमतीनगर थाना क्षेत्र अन्तर्गत विपुलखंड इलाके में घर के बाहर कार में दोस्त के साथ बैठे हिस्ट्रीशीटर को अज्ञात युवकों ने गोली मार दी। गोली लगने के बाद युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर थाना क्षेत्र अन्तर्गत बीती देर रात घर के बाहर कार में दोस्त के साथ बैठे हिस्ट्रीशीटर को अज्ञात युवकों ने गोली मार दी। गोमतीनगर के विपुल खंड इलाके में बुधवार रात करीब 10 बजे घर के बाहर कार में दोस्त के साथ बैठे रिटायर्ड दरोगा के हिस्ट्रीशीटर बेटे को चार-पांच लोगों ने गोली मार दी। गोली युवक के पैर में लगी है। उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल युवक प्रॉपर्टी डीलिंग का भी काम करता है। उसने एक व्यक्ति पर हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विपुलखंड में रिटायर्ड दरोगा के बेटे को मारी गोली
मिली जानकारी के अनुसार गोमतीनगर थाना क्षेत्र के विपुलखंड इलाके में रिटायर्ड दारोगा राम सहोदर परिवार के साथ रहते हैं। उनका 24 वर्षीय बेटा धनंजय सिंह प्रापर्टी डीलिंग का काम करता है। बुधवार रात धनंजय अपने दोस्त राहुल सिंह के साथ घर के बाहर कार में बैठा था। इस दौरान वहां चार-पांच अज्ञात युवक पहुंच गये। उन्होंने धनंजय को कार से बाहर निकाल कर उसकी जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद उन्होंने धनंजय पर फायरिंग कर दी। गोली धनंजय के दाहिने पैर में लगी है।
एसीपी गोमतीनगर विकास जायसवाल ने बताया कि गोली धनंजय के दाहिने पैर पर लगी। धनंजय के साथी राहुल सिंह के शोर मचाने पर उसको भी पीटने को दौड़े, लेकिन लोगों की भीड़ जमा होते देख वहां से सभी आरोपी भाग निकले। जानकारी करने पर पता चला कि धनंजय गोमती नगर थाने का हिस्ट्रीशीटर है और प्रॉपर्टी डीलिंग का भी काम करता है। धनंजय को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देख रही है। साथ ही धनंजय के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल भी खंगाल रही है।