
कोरोना: भारत में सबसे तेज हो रहा टीकाकरण, अब तक 70 लाख से अधिक को लगाई वैक्सीन

नई दिल्ली। देश कोरोना महामारी की जंग पूरी तरह से जीतने की ओर अग्रसर है। इससे क्रम में देश में टीकाकरण अभियान के तहत अब तक 70 लाख से ज्यादा लोगों को वैक्सीन दी जा चुकी है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक टीकाकरण के 27वें दिन शाम सात बजे तक 74,30,866 कोरोना योद्धाओं को टीका लगाया जा चुका है। अब तक टीकाकरण के कुल 1,53,799 सत्रों का आयोजन हो चुका है।
इनमें 57,90,832 स्वास्थ्यकर्मचारी और 16,40,034 फ्रंटलाइन वर्कर शामिल हैं।। बृहस्पतिवार को कुल 10,743 सत्रों में 4,13,752 लोगों को टीका लगा। इनमें 85,604 स्वास्थ्यकर्मी और 3,28,148 फ्रंटलाइनवर्कर शामिल हैं।
लखनऊ में 15807 कर्मचारियों का हुआ टीकाकरण, 12 में दिखे हल्के दुष्प्रभाव
राजधानी लखनऊ में कोरोना के खिलाफ टीकाकरण अभियान में रोजाना नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। बृहस्पतिवार को 15807 कर्मचारियों को टीका लगाया गया।
इनमें से 12 को टीका लगने के बाद हल्के बुखार और दर्द की शिकायत हुई। किसी को भी अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत नहीं पड़ी।
टीकाकरण अभियान की शुरूआत के बाद ऐसा पहली बार है कि एक दिन में 15 हजार से ज्यादा कर्मचारियों को वैक्सीन लगाई गई है।
पिछले तीन दिन में ही करीब 43 हजार कर्मचारियों को टीका लगाया जा चुका है। टीकाकरण केंद्रों की बढ़ती संख्या के चलते यह हो रहा है। हालांकि, अभी तक के लक्ष्य के मुताबिक, 60 फीसदी लोगों को ही टीका लग सका है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, बृहस्पतिवार को 253 केंद्रों पर टीकाकरण किया गया। 184 केंद्रों पर कोवीशिल्ड और 69 पर कोवाक्सिन की खुराक दी गई। इस दौरान 25,300 लोगों को टीका लगना था। इनमें से 15807 ने टीका लगवाया।





