
भारत के 51वें चीफ जस्टिस बने संजीव खन्ना, राष्ट्रपति ने दिलाई शपथ
CJI Sanjiv Khanna: जस्टिस संजीव खन्ना देश के मुख्य न्यायाधीश बन गए हैं। उन्होंने सुबह 10 बजे मुख्य न्यायाधीश के पद की शपथ ली। वह 13 मई, 2025 यानी अगले 6 महीने तक देश के शीर्ष न्यायालय का नेतृत्व करेंगे।
Justice Sanjeev Khanna: जस्टिस संजीव खन्ना भी खुद से पहले मुख्य न्यायाधीश रहे डीवाई चंद्रचूड़ की तरह ही जजों की फैमिली से आते हैं। उनके पिता जस्टिस देव राज खन्ना दिल्ली हाई कोर्ट के जज थे। इसके अलावा उनके चाचा एचआर खन्ना भी सुप्रीम कोर्ट के जज रह चुके हैं। जस्टिस खन्ना के नाम की सिफारिश जस्टिस चंद्रचूड़ ने की थी. चंद्रचूड़ 10 नवंबर को 65 साल की उम्र में इस पद से रिटायर हुए. 14 मई 1960 को जन्मे जस्टिस संजीव खन्ना (CJI Sanjiv Khanna) ने दिल्ली विश्वविद्यालय के कैंपस लॉ सेंटर से कानून की पढ़ाई की.
जस्टिस संजीव खन्ना ने संभाला पद
पूर्व सीजेआई डी वाई चंद्रचूड़ के रविवार, 10 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट से रिटायर होने के बाद जस्टिस संजीव खन्ना ने सीजेआई के रूप में पदभार संभाला। शुक्रवार, 8 नवंबर को अपने अंतिम कार्य दिवस पर अपने विदाई भाषण में, जस्टिस डी वाई चंद्रचूड़ ने जस्टिस खन्ना के भविष्य के नेतृत्व में विश्वास व्यक्त किया, अपने उत्तराधिकारी को ‘गरिमापूर्ण, स्थिर और न्याय के लिए गहराई से प्रतिबद्ध’ बताया था।
दिल्ली हाई कोर्ट के जज नियुक्त होने से पहले वे तीसरी पीढ़ी के वकील थे. उन्होंने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) के कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया.
जनवरी 2019 से सुप्रीम कोर्ट के जज के रूप में कार्यरत न्यायमूर्ति खन्ना कई ऐतिहासिक फैसलों का हिस्सा रहे हैं, जैसे EVM की पवित्रता को बनाए रखना, चुनावी बॉन्ड योजना को खत्म करना, अनुच्छेद 370 को निरस्त करना और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल को अंतरिम जमानत देना.





