
Jan Nayagan Review: थलापति विजय का पावरफुल एक्शन, लेकिन कहानी में ढीला पड़ा थ्रिल
थलापति विजय और बॉबी देओल स्टारर 'जन नायकन' सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। जानिए कैसी है फिल्म की कहानी, डायरेक्शन और एक्टिंग ?
Jan Nayagan Review: साउथ सिनेमा के दिग्गज अभिनेता और राजनेता थलापति विजय की बतौर एक्टर आखिरी फिल्म ‘जन नायकन’ (Jana Nayagan) दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। लंबे समय से कानूनी अड़चनों और विवादों में फंसी इस फिल्म को लेकर प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह था। एच. विनोथ के निर्देशन में बनी यह फिल्म एक पॉलिटिकल-मास मसाला एंटरटेनर है, जो मुख्य रूप से तेलुगु फिल्म ‘भगवंत केसरी’ से प्रेरित है।
क्या है फिल्म की कहानी?
फिल्म की कहानी ‘थलपति वेत्री कोंडन’ (थलापति विजय) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी जेल सजा के दौरान अपने दिवंगत दोस्त (गौतम वासुदेव मेनन) की बेटी विज्जी (ममिता बैजू) की जिम्मेदारी लेता है। विज्जी बचपन के एक मानसिक आघात (trauma) के कारण बेहद डरपोक है। वेत्री का एक ही मकसद है विज्जी को उसके डर से निकालकर देश की रक्षा के लिए भारतीय सेना में भर्ती कराना।
कहानी में मोड़ तब आता है जब विज्जी के अतीत से जुड़ा एक खौफनाक विलेन जॉन हिम्लर (बॉबी देओल) एंट्री लेता है। जॉन देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और शांति को अपने निजी फायदे के लिए तबाह करना चाहता है। इसके बाद वेत्री अपनी बेटी जैसी विज्जी की रक्षा करने और जॉन के नापाक इरादों को खत्म करने के लिए मैदान में उतरता है।
थलापति विजय का स्वैग और एक्शन
फिल्म की सबसे बड़ी ताकत खुद थलापति विजय हैं। स्क्रीन पर उनका आना, उनकी डायलॉग डिलीवरी, स्टाइल और एक्शन सीक्वेंस दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर देते हैं। खासतौर पर फिल्म का इंटरवल ब्लॉक और ‘कचेरी’ सॉन्ग में उनका डांस बेहतरीन है। विजय और ममिता बैजू के बीच के भावनात्मक सीन भी अच्छे बन पड़े हैं।
अनिरुद्ध रविचंदर का बैकग्राउंड स्कोर (BGM) औसत दृश्यों में भी जान फूंकने का काम करता है। विजय की एंट्री और एक्शन ब्लॉक्स पर उनका म्यूजिक रोंगटे खड़े कर देता है।
ये भी पढ़े- ‘Pralay’ बनकर तहलका मचाएंगी साउथ की हसीना, खतरनाक एक्शन से थर्राएगा सिनेमाघर
कमजोर विलेन और ढीली स्क्रिप्ट
फिल्म की सबसे बड़ी कमजोरी इसकी कमजोर और आउटडेटेड पटकथा है। ‘एनिमल’ के बाद बॉबी देओल से एक खौफनाक विलेन की उम्मीद थी, लेकिन उनका किरदार काफी बिखरा हुआ और कमजोर लिखा गया है। इसके अलावा फिल्म के स्पेशल इफेक्ट्स (VFX) और सेकंड हाफ की पेसिंग काफी सुस्त है, जो दर्शकों का धैर्य परखती है।
ये भी पढ़े- Alia Bhatt का स्टूडेंट प्रोटेस्ट पर अब आया रिएक्शन, छात्रों के लिए हुईं इमोशनल
देखें या न देखें?
अगर आप थलापति विजय के डाई-हार्ड फैन हैं और उन्हें एक आखिरी बार बड़े पर्दे पर एक्शन, डांस और उनके ट्रेडमार्क स्वैग में देखना चाहते हैं, तो ‘जन नायकन’ आपके लिए एक देखने लायक कमर्शियल एंटरटेनर है।
ये भी पढ़े- Aamir Khan के सौतेले भाई हैदर पाई-पाई को मोहताज, एक्स-वाइफ का छलका दर्द





