कोरोना: दैनिक मामलों में वृद्धि जारी, पिछले 24 घंटे में 16,488 नए केस; 113 की मौत

प्रतीकात्मक तस्वीर

नई दिल्ली। देश में एक बार फिर कोरोना संक्रमण के दैनिक मामलों में बढ़ोतरी होने लगी है। पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 16,488 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इस अवधि में 113 लोगों की मौत हो गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को यह जानकारी दी है।

वैश्विक महामारी कोरोना के नए और सक्रिय मामलों में लगातार बढ़ोतरी से निपटने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों की ओर से कई कदम उठाए जा रहे हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शनिवार को जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटों में कोरोना वायरस से संक्रमण के 16,488 नए मामले दर्ज किए गए हैं।

इसी के साथ देश में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 1,10,79,979 पहुंच गए हैं। वहीं पिछले 24 घंटों में कोरोना की वजह से 113 मरीजों की मौत हो गई, जिसके चलते देश में कोरोना से जान गंवाने वालों की कुल संख्या 1,56,938 हो गई हैं।

पिछले 24 घंटों में 12,771 कोरोना मरीज स्वस्थ हो गए हैं। इसी के साथ देश में अब तक 1,07,63,451 मरीज कोरोना वायरस को मात देने में सफल रहे हैं।

रोजाना आधार पर दर्ज होने वाले नए कोरोना केसों की तुलना में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या घट गई है। इससे कोरोना के सक्रिय मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।

इससे पहले, कोरोना संक्रमण के नए मरीजों की तुलना में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या अधिक होती थी। देश में फिलहाल कोरोना के सक्रिय मामले 1,59,590 हैं।

Leave a Reply

Back to top button