कोरोना: दैनिक मामलों में मामूली कमी, बीते 24 घंटे में 96,982 नए केस

नई दिल्ली। भारत में कोरोना संक्रमण के दैनिक मामलों में मंगलवार को मामूली कमी दर्ज की गई है। बीते 24 घंटे में देश में संक्रमण के कुल 96,982 नए मामले सामने आए हैं।

जिसके बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 1,26,86,049 पर पहुंच गई है। इस दौरान 446 लोगों कोरोना की वजह से मौत भी हुई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, अब देश में कोरोना से जान गंवाने वालों की कुल संख्या 1 लाख 65 हजार 547 हो गई है। वहीं, देश में कोरोना वायरस के अभी 7 लाख 88 हजार 223 सक्रिय मामले हैं।

अभी तक कोरोना वायरस से कुल 1 करोड़ 17 लाख 32 हजार 279 लोग ठीक हो चुके हैं। देश में कुल 8 करोड़ 31 लाख 10 हजार 926 लोगों को कोरोना वायरस की वैक्सीन लगाई जा चुकी है।

इससे पहले सोमवार को देशभर में कोरोना वायरस के एक लाख से ज्यादा नए मामले सामने आए थे, जोकि इस महामारी की शुरुआत से अब तक सबसे ज्यादा थे।

अमेरिका के बाद भारत ही ऐसा देश है जहां कोरोना वायरस के एक दिन में एक लाख से ऊपर नए मामले रिपोर्ट हुए हों।

दूसरी ओर पड़ोसी देश पाकिस्‍तान में भी कोविड-19 का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। पाकिस्‍तान सरकार के आंकड़ों के मुताबिक देश में कोरोना संक्रमण के अब तक 692231 मामले सामने आ चुके हैं जबकि 21928 मरीजों की मौत हो चुकी है।

इसके अलावा 615960 मरीज ठीक भी हुए हैं। एक्टिव मामलों की बात करें तो इनकी संख्‍या 249841 तक जा पहुंची है जिनमें से 1451 मामलों को बेहद गंभीर श्रेणी में डाला गया है।

Leave a Reply

Back to top button