गाजियाबाद में अपराधी को पकड़ने गई नोएडा पुलिस पर हमला, गोली लगने से कॉन्स्टेबल की मौत

Ghaziabad News: गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र में बदमाशों ने लूट के आरोपित कादिर को छुड़ाने के लिए नोएडा पुलिस पर हमला कर दिया। इस फायरिंग में सिपाही सौरभ कुमार शहीद हो गए।

Ghaziabad News: उत्‍तर प्रदेश के गाजियाबाद में रविवार देर रात शातिर बदमाश को पकड़ने गई पुलिस टीम पर भीड़ ने हमला कर दिया। फायरिंग में 25 साल के कांस्टेबल की मौत हो गई। मामला मसूरी थाना क्षेत्र के नाहल गांव का है। यहां देर रात कादिर नाम के अपराधी को पकड़ने के लिए नोएडा पुलिस गई थी। इसी दौरान बदमाश के परिजनों और उसके साथियों ने पुलिस पर पथराव और फायरिंग कर दी। एक गोली पुलिसकर्मी कांस्टेबल सौरभ को लगी। उसे अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

शामली के रहने वाले थे बलिदानी सौरभ कुमार

इस मामले में डीसीपी ग्रामीण सुरेन्द्र नाथ तिवारी का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा, “25 मई को थाना मसूरी को सूचना मिली कि थाना मसूरी के ग्राम नाहल में गौतमबुद्धनगर के एक आरक्षी सौरभ को गोली लग गई है, जिसे टीम यशोदा अस्पताल ले गई, जहां पर उसे डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित कर दिया गया।”

बदमाशों ने पुलिस पर पथराव भी किया

पुलिस टीम जब तक संभलती, बदमाशों ने पथराव के बीच फायरिंग भी शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। इसी दौरान बदमाशों की एक गोली सिपाही सौरभ के सिर में आकर लगी। इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। पुलिसकर्मियों ने उन्हें आनन फानन में गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने बताया, “पुलिस टीम एक वांछित अभियुक्त कादिर की गिरफ्तारी के लिए आई थी। कादिर नाहल का रहने वाला था। घटना में थाना फेस-3 गौतमबुद्धनगर के उपनिरीक्षक सचिन की ओर से एक तहरीर दी गई है। तहरीर के आधार पर समुचित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। अन्य वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।”

रविवार की देर शाम नोएडा की क्राइम ब्रांच और फेस तृतीय थाना पुलिस ने बदमाश कादिर को पकड़ने के लिए दबिश दी थी। टीम ने कादिर को उसके घर से गिरफ्तार भी कर लिया था।

 

Back to top button