
कानपुर हेयर ट्रांसप्लांट केस में डॉ. अनुष्का ने कोर्ट में किया सरेंडर; FIR के बाद से थी फरार
Kanpur hair transplant case: कानपुर हेयर ट्रांसप्लांट केस मामले में दो इंजीनियर्स की मौत की जिम्मेदार डॉ. अनुष्का तिवारी ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया. कुछ दिन पहले एडीजे कोर्ट में सुनवाई के दौरान अपना पक्ष रखते हुए डॉ. अनुष्का ने कहा था, उन्होंने हेयर ट्रांसप्लांट नहीं किया था, बल्कि डॉ. मनीष सिंह ने सर्जरी किया था.
एसीपी कल्याणपुर अभिषेक पांडेय ने बताया कि हेयर ट्रांसप्लांट के 2 इंजीनियर की मौत के इस चर्चित मामले में आरोपी डॉ. अनुष्का फरार चल रही थीं. पुलिस की कई टीमें डॉ. अनुष्का को तलाश रही थीं. सोमवार को डॉ. अनुष्का ने कानपुर कोर्ट में सरेंडर कर दिया.
बता दें कि डॉ. अनुष्का तिवारी के पास मानव रचना डेंटल कॉलेज से बीडीएस की डिग्री है. बीडीएस की डिग्री के बाद हेयर ट्रांसप्लांट की बात सुनकर पुलिस के अफसर हैरान हैं. खास बात यह कि अनुष्का तिवारी के पति सौरभ ने भी महाराणा प्रताप डेंटल कॉलेज से पढ़ाई की है.
पुलिस की छानबीन में यह जानकारी सामने आई थी कि महज 40 हजार रुपए में हेयर ट्रांसप्लांट किए गए थे. प्राथमिक जानकारी के अनुसार डॉ. अनुष्का ने ही दोनों सर्जरी की थी. लेकिन, उन्होंने एडीजे कोर्ट में पेश होकर बताया था कि उन्होंने ये सर्जरी नहीं की हैं.
डॉ. अनुष्का के साथ इस अपराध में शामिल कर्मचारियों की भी तलाश में पुलिस जुटी है। इनमें क्लीनिक में काम करने वाली तीन युवतियां शामिल हैं। यह युवतियां डॉक्टर के अपराध की जानकार हैं।





