Greater Noida में अवैध अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, 100 करोड़ की जमीन मुक्त

Bulldozer Action in UP : ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने ग्राम चिटेहरा में अधिसूचित एरिया पर अतिक्रमण के खिलाफ शुक्रवार को बुलडोजर चलाया। प्राधिकरण ने करीब 50 हजार वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण मुक्त करा लिया है, जिसकी कीमत करीब 100 करोड़ रुपए आंकी जा रही है।

बताया जा रहा है कि कॉलोनाइजर इस जमीन पर अवैध निर्माण कर वेयरहाउस हाउस बनाने की कोशिश कर रहे थे। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने अधिसूचित एरिया में अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। प्राधिकरण की टीम अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की टीम ने शुक्रवार को चिटेहरा गांव में कार्रवाई की।

प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने बताया कि कॉलोनाइजर ग्रेटर नोएडा के अधिसूचित एरिया ग्राम चिटेहरा के खसरा संख्या-169, 170, 171 व 172 की करीब 50 हजार वर्ग मीटर जमीन पर बिना प्राधिकरण की अनुमति निर्माण कर अवैध कालोनी काटने की कोशिश कर रहे थे। बिना नक्शा पास कराए अवैध निर्माण पर रोक लगाने के लिए प्राधिकरण की तरफ से नोटिस भी जारी की गई, लेकिन कॉलोनाइजर चोरी-छिपे अवैध कालोनी काटने की कोशिश कर रहे थे।

यह भी पढ़ें…

आमिर खान की फिल्म ‘सितारे जमीन पर’ का विरोध; बनारस में पोस्टर जलाकर प्रदर्शन

शुक्रवार को महाप्रबंधक परियोजना एके सिंह, विशेष कार्याधिकारी जितेंद्र गौतम, ओएसडी राम नयन सिंह, वर्क सर्किल तीन के प्रभारी राजेश कुमार निम और वर्क सर्किल 1 के प्रभारी प्रभात शंकर सहित वर्क सर्किल 1, 2, 3 व 4 के समस्त स्टाफ ने मिलकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। प्राधिकरण की टीम ने 6 जेसीबी और 5 डंपर की मदद से तीन घंटे में कार्रवाई संपन्न की। मुक्त कराई गई जमीन की कीमत 100 करोड़ रुपए आंकी गई थी।

यह भी पढ़ें…

Azamgarh बना अदम्य साहस का गढ़…लिंक एक्सप्रेसवे के उद्घाटन पर बोले CM Yogi

एसीईओ सुमित यादव ने अतिक्रमण करने वाले को चेतावनी दी है कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिसूचित एरिया में बिना अनुमति या बिना नक्शा पास कराए अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एसीईओ ने जनमानस से अपील की है कि ग्रेटर नोएडा में कहीं भी जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से संपर्क कर पूरी जानकारी जरूर प्राप्त कर लें। अवैध कॉलोनी में अपनी गाढ़ी कमाई न फंसाएं।

यह भी पढ़ें…

Kaushambi में आकाशीय बिजली का कहर… 4 बच्चों की मौत, 5 झुलसे

Back to top button