तेलंगाना की केमिकल फैक्ट्री में धमाका, 6 लोगों के मौत की आशंका

Telangana Sigachi Pharma Blast : तेलंगाना के संगारेड्डी में एक फार्मा कंपनी में बड़ा धमाका हुआ जिसमें 6 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। वहीं हादसे में 15-20 लोगों घायल हैं।

Telangana Sigachi Pharma Blast : हैदराबाद के पाशमैलारम में स्थित एक औद्योगिक इकाई में भीषण विस्फोट हुआ है, जिसमें छह मजदूरों के मारे जाने की आशंका है और 20 अन्य घायल हो गए हैं। यह हादसा सुबह करीब 9 बजे सांगारेड्डी जिले के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में हुआ। इस विस्फोट के कारण सिगाची केमिकल्स परिसर में भीषण आग लग गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद दमकल की 11 गाड़ियां मौके पर पहुंची हैं, जो केमिकल फैक्ट्री में लगी आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं।

दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं

दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंच चुकी हैं और आग बुझाने का काम तेजी से चल रहा है। मौके पर 108 एंबुलेंस और चिकित्सा कर्मी भी पहुंच चुके हैं। घायलों को टनचेरु के अस्पताल में प्राथमिक इलाज के लिए ले जाया गया, वहीं गंभीर घायलों को हैदराबाद रेफर किया गया है।

हादसे के बाद फैक्ट्री की इमारत ढह गई। मलबे में मजदूरों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, इस हादसे में 5 पांच मजदूरों की जिंदा जलकर मौत हो चुकी है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री और आसपास के क्षेत्र को खाली करवाना शुरू कर दिया है।

पास की इमारत तक पहुंची आग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विस्फोट इतना जोरदार था कि मजदूर हवा में उछलकर कई मीटर दूर जा गिरे। कारखाने की इकाई विस्फोट के प्रभाव से ढह गई और आग पास की इमारत तक फैल गई। विस्फोट के समय कई मजदूर रिएक्टर के पास काम कर रहे थे। कारखाने में ओडिशा, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों के प्रवासी मजदूर काम करते थे। इस विस्फोट और आग से रासायनिक इकाई और आसपास के कारखानों में कर्मचारियों में दहशत फैल गई, जिसके बाद वे परिसर से बाहर भाग गए।

इस बीच, बचावकर्मी मलबे को हटाने के लिए अर्थमूवर का इस्तेमाल कर रहे हैं। आशंका है कि कुछ मजदूर मलबे के नीचे फंसे हो सकते हैं। सांगारेड्डी जिला कलेक्टर पी. प्रवीण्या और पुलिस अधीक्षक परितोष पंकज भी मौके पर पहुंचे और बचाव व राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।

विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के कर्मचारी और विभिन्न विभागों का स्टाफ भी बचाव कार्य में शामिल हुआ। अभियान जारी रहने के कारण अधिक जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।

 

Back to top button