आगरा में गजब खेला… DIG बंगले का कर दिया सौदा, दो बार एग्रीमेंट; कैसे रची साजिश?

Agra news: यूपी के आगरा में बालूगंज स्थित आईजी/डीआईजी के बंगले की चहारदीवारी में मौजूद जमीन के सौदेबाजी में पुलिस ने सोमवार देर शाम बड़ी कार्रवाई की है. जाने क्या था पूरा मामला…

Agra news: पुलिस ने डीआईजी बंगले को पुश्तैनी जमीन बताकर दो बार रजिस्टर्ड एग्रीमेंट करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों ने सदर तहसील में सेटिंग करके वसीयत के आधार पर जमीन का नामांतरण भी कराया गया था. खुलासा होने पर नामांतरण रद हो चुका है. पुलिस इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है.

जमीन को लेकर रची गई साजिशः

बता दें कि बालूगंज में डीआईजी बंगला की जमीन 6 बीघा से अधिक है. जिसमें नजूल की भूमि के साथ एक खेवट भी है. खेवट में जमीन पहले हबीब उल रहमान का नाम दर्ज थी. सबसे पहले हबीब उल रहमान का नाम हटाकर खलीलुल रहमान का नाम खेवट में जुड़े.

जब दो अप्रैल 2012 को खलीलुल रहमान का इंतकाल हुआ तो उनकी 14 फरवरी 2012 की एक वसीयत सामने आई. जिसके आधार नामांतरण के लिए तहसील में प्रार्थनापत्र दिया गया. जिस पर मार्च 2024 में खलीलुल रहमान का नाम हटाकर खेवट में इकबाल खां, फिरोज खां, मोहम्मद सलीम खां, फैसल खां, इरशाद खां व दिलशाद खां के नाम जोड़े गए. नामांतरण और वसीयत पेश करने से पहले ही आरोपियों ने सन् 2020 में दयालबाग निवासी राकेश कुमार और उनके दोस्त के नाम दो एग्रीमेंट कर दिए थे.

नामांतरण के बाद एग्रीमेंटः नाई की मंडी थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि नामांतरण के बाद जून 2024 में खलीलुल रहमान का नाम हटाकर खेवट में इकबाल खां, फिरोज खां, मोहम्मद सलीम खां, फैसल खां, इरशाद खां व दिलशाद खां ने इस जमीन का तीसरा एग्रीमेंट बिग डैडी फर्म के सौरभ बंसल और शाहिद रजा के नाम कर दिया.

जब इसकी जानकारी राकेश कुमार को हुई तो कोर्ट में चले गए. इसके बाद कोर्ट के आदेश पर नाई की मंडी थाना में 15 मई 2025 को दो मुकदमे दर्ज कराए. जिसमें विक्रेता और क्रेता दोनों ही नामजद किए. मुकदमों में इकबाल खां, इरशाद खां, फिरोज खां, दिलशाद खां, फैसल खां और क्रेता सौरभ बंसल, शाहिद रजा नामजद किए गए हैं.

तीसरा मुकदमा दर्जः धर्मेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि नाई की मंडी थाना में दो मुकदमे में नाजमद किए जाने पर सौरभ बंसल ने खुद पीड़ित बनकर रकाबगंज थाना में एक मुकदमा लिखाया है. जिसमें उसने एग्रीमेंट करने वाले आरोपी नहीं बनाकर बल्कि अपने दोस्त सनी जैन, कपिल अग्रवाल और प्रशांत जैन को नामजद किया.

व्यापारी किया गया गिरफ्तार: नाई की मंडी थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि बड़ी अथाई निवासी जूता व्यापारी दिलशाद खां को गिरफ्तार किया है. उससे पूछाताछ की गई कि डीआईजी बंगले की जमीन उसकी कैसे है हुई? वह जमीन को कैसे पैतृक संपत्ति बताने लगा? जमीन के इतने एग्रीमेंट क्यों कर दिए? पूछताछ में दिलशाद खां ने खुलासा किया है कि आखिरी एग्रीमेंट सौरभ बंसल और शाहिद रजा को किया था. दोनों ने उससे वादा किया था कि जमीन पर कब्जा ले लेंगे. इसके साथ ही कहा था कि हमारी अच्छी सेटिंग है, हम सब करा लेंगे.

थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी दिलशाद की पहचान मीडियाकर्मी शाहिद रजा से है. शाहिद रजा की दोस्ती कमला नगर निवासी घी कारोबारी सौरभ बंसल से है. शाहिद रजा ने ही सौरभ को मोटे मुनाफे की बात कहकर जमीन का एग्रीमेंट कराया था. जिसमें शर्त रखी थी कि एग्रीमेंट में वह भी शामिल होगा. क्योंकि, एग्रीमेंट के बाद जमीन पर कब्जा लिया जाना था. इसलिए, डीआईजी के बंगले की चारदीवारी में जमीन होने की वजह से इसमें कई बड़े खिलाड़ी शामिल किए गए थे. जिनके बारे में भी जानकारी मिली है.

Back to top button