
IND vs ENG: इंग्लैंड ने टॉस जीतकर चुनी पहले बॉलिंग, टीम इंडिया ने बुमराह को दिया आराम
IND vs ENG 2nd Test: पहला टेस्ट मैच गंवाने के बाद भारतीय टीम एजबेस्टन टेस्ट में हिसाब बराबर करने उतरेगी। शुभमन गिल की अगुआई में भारतीय युवा टीम बर्मिंघम में इतिहास रचना चाहेगी।
IND vs ENG 2nd Test: इंग्लैंड ने एजबेस्टन में बुधवार से जारी दूसरे टेस्ट मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। भारत ने अपनी प्लेइंग इलेवन में तीन बदलाव किए हैं, जबकि इंग्लैंड की टीम में कोई बदलाव नहीं है। टीम इंडिया इस मुकाबले में अपने प्रीमियर पेसर जसप्रीत बुमराह के बगैर खेल रही है, जिनको वर्कलोड मैनेजमेंट के चलते आराम दिया गया है। यह मुकाबला मेहमान टीम इंडिया के लिए बेहद अहम है, जो सीरीज में पहले ही पिछड़ चुकी है।
जसप्रीत बुमराह नहीं खेल रहे एजबेस्टन टेस्ट
भारतीय टीम में नितीश कुमार रेड्डी और वाशिंगटन सुंदर की वापसी हुई है। बुमराह की जगह आकाश दीप खेल रहे हैं। इंग्लैंड दूसरे टेस्ट से पहले ही लीड्स टेस्ट जीतने वाली टीम के साथ उतरने का फैसला कर चुका है। ऐसे में तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर की वापसी नहीं हो सकी है। टीम की कमान बेन स्टोक्स के हाथों में है।
इंग्लैंड ने सीरीज के शुरुआती मैच को पांच विकेट से अपने नाम किया था। ऐसे में ‘गिल एंड कंपनी’ हर हाल में इस मुकाबले को जीतकर सीरीज 1-1 से बराबरी पर लाना चाहेगी। युवा शुभमन गिल भी बतौर कप्तान अपना पहला टेस्ट जीतने के इरादे से उतरे हैं।
मेजबान टीम से खास उम्मीद
भारत ने टेस्ट इतिहास में अब तक एजबेस्टन में कुल आठ मैच खेले हैं। इस दौरान सात में उसे हार का सामना करना पड़ा, जबकि एक मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ था। इंग्लैंड के लिए पहले टेस्ट में कप्तान बेन स्टोक्स के अलावा जोश टंग, ओली पोप, हैरी ब्रूक, जैक क्रॉली और बेन डकेट ने शानदार प्रदर्शन किया था। ऐसे में एक बार फिर मेजबान टीम को इनसे खासा उम्मीदें हैं।
ये भी पढ़े-
IND vs ENG 2nd Test: वापसी के लिए तैयार भारत, इन खिलाड़ियों को मिल सकता है मौका
ऐसा रहा था पहले टेस्ट का हाल
लीड्स में खेले गए पहले टेस्ट की बात करें, तो टीम इंडिया पहली पारी में तीन शतकों के बावजूद 471 रन ही बना सकी थी। इसके जवाब में इंग्लैंड ने 465 रन बनाए। भारत के पास महज छह रन की बढ़त थी।टीम इंडिया ने अपनी दूसरी पारी में 364 रन बनाकर इंग्लैंड को जीत के लिए 371 रन की टारगेट दिया, जिसे मेजबान टीम ने 82 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया।
ये भी पढ़े-
Mohammed Siraj ने खोला अपना पहला रेस्टोरेंट, खिलाएंगे मुगलई, पारसी और अरबी खाना
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
भारत की प्लेइंग इलेवन: यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, करुण नायर, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर, आकाश दीप, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन: जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रुक, बेन स्टोक्स (कप्तान), जेमी स्मिथ (विकेट कीपर), क्रिस वोक्स, ब्रायडन कार्स, जोश टंग, शोएब बशीर।
ये भी पढ़े-
Smriti Mandhana ने हासिल की करियर की बेस्ट रेटिंग, शतक ठोकने का मिला इनाम





