संभल में बड़े एक्शन की तैयारी; कांवड़ मार्ग के लिए 2000 मकान-दुकानों पर चलेगा बुलडोजर?

Bulldozer action in sambhal: यूपी के संभल में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ लगातार अभियान जारी है. अब इस क्रम में एक बड़ी कार्रवाई होने जा रही है.

Bulldozer action in sambhal: कांवड़ यात्रा से पहले संभल प्रशासन कावड़ मार्ग को दुरुस्त करने में जुटा है. कावड़ मार्ग पर अतिक्रमण हटाने के लिए पालिका प्रशासन ने तैयारी की है. तीन किलोमीटर लंबे रास्ते में करीब 2000 दुकान-मकान चिन्हित किए गए हैं. जो कि अतिक्रमण के दायरे में हैं. मार्ग के दोनों तरफ नाले पर निर्माण पाया गया है.

पालिका प्रशासन का कहना है कि अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी. बता दें कि एक दिन पहले ही संभल प्रशासन ने अलम जुलूस के लिए बुलडोजर लगाकर रास्ता तैयार कराया है. साथ ही 35 दुकानें भी हटा दी गई हैं.

EO डॉ. मणि भूषण तिवारी ने बताया कि शहर में रोड व नाले के ऊपर या आसपास जितने भी अतिक्रमण हैं, उन्हें हटाने के लिए अभियान तेजी से चलाया जा रहा है. इसके लिए रोड वाइज माइक्रो प्लान तैयार किया गया है. जिसमें हर मार्ग पर कब और कैसे कार्रवाई होगी, इसका विस्तृत खाका बनाया गया है.

उन्होंने बताया कि कार्रवाई से पहले लोगों को मुनादी कर सूचना दी जाती है. उसके बाद व्यक्तिगत संपर्क कर समझाया जाता है और चिन्हित अतिक्रमण पर निशानदेही की जाती है. EO डॉ. मणिभूषण ने स्पष्ट किया कि नाले के ऊपर या नाले से दो फीट के दायरे में किया गया कोई भी निर्माण पूरी तरह अवैध है. ऐसे मामलों में पहले नोटिस जारी किया जाता है और फिर नियम अनुसार कार्रवाई कर अतिक्रमण को हटाया जाता है. इसके साथ ही कार्रवाई में लगे खर्च की वसूली भी संबंधित व्यक्ति से की जाएगी.

बताया कि PWD द्वारा किए जा रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य के साथ नगर पालिका परिषद के अंतर्गत आने वाली स्वीकृत सड़कों, नालों व नालियों पर हो रहे अतिक्रमण की लगातार निगरानी की जा रही है. कावड़ यात्रा मार्ग, त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं के आवागमन वाले रास्ते, कमर्शियल और आवासीय रोड पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

बताया कि अस्थायी अतिक्रमण जैसे खोमचे, स्लैब या टीन शेड भी कार्रवाई के दायरे में हैं वहीं राय सत्ती से लेकर शंकर चौराहे तक के कांवड़ मार्ग को श्रद्धालुओं का विशेष मार्ग मानते हुए उसे अतिक्रमण मुक्त रखने की योजना बनाई गई है. इस मार्ग पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण मिलने पर तत्काल हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

Back to top button