
अमरनाथ यात्रियों की बसों की टक्कर… 30 से ज्यादा श्रद्धालु घायल
Jammu Bus Accident: डिप्टी कमिश्नर DEO रामबन ने बताया कि पहलगाम काफिले का आखिरी वाहन चंद्रकोट लंगर स्थल पर नियंत्रण खो बैठा और वहां खड़े वाहनों से जा टकराया. इस टक्कर में चार वाहन क्षतिग्रस्त हो गए.
Jammu Bus Accident: जम्मू के रामबन में शनिवार को पांच बसों की टक्कर में कम से कम 36 अमरनाथ तीर्थयात्री मामूली रूप से घायल हो गए। बसें जम्मू के भगवती नगर से दक्षिण कश्मीर के पहलगाम बेस कैंप के लिए जा रहे काफिले का हिस्सा थीं। हादसे को लेकर अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चंद्रकूट के पास हुई। उन्होंने बताया कि दुर्घटना एक बस के ब्रेक फेल होने के कारण हुई, जिसने बाद बस ने अन्य वाहनों को टक्कर मार दी।
नाश्ते के लिए रुका था काफिला
पुलिस के अनुसार, तीर्थयात्रियों का काफिला नाश्ते के लिए निर्धारित विश्राम स्थल चंदरकोट में रुका हुआ था। इसी दौरान एक चलती बस के ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और वह खड़ी बसों से जा टकराई, जिससे कई बसों को क्षति पहुंची और यात्रियों को चोटें आईं।
रामबन के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कुलबीर सिंह ने बताया, “काफिला नाश्ते के लिए चंदरकोट में रुका हुआ था। तभी पीछे से आई एक बस चार खड़ी बसों से टकरा गई। हादसे में लगभग 36 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से अधिकांश को मामूली चोटें आई हैं।” उन्होंने आगे कहा कि प्राथमिक उपचार के बाद ज्यादातर श्रद्धालु अपनी यात्रा जारी रखने के लिए तैयार हैं। हालांकि तीन से चार यात्रियों की चोटें ऐसी हैं कि उन्हें आगे यात्रा करने की अनुमति नहीं दी जा सकती।





