लखनऊ में LDA का एक्शन; 4 कॉलोनियां पर चला बुलडोजर…

Bulldozer action in Lucknow: यूपी की राजधानी लखनऊ में बिना नक्शा पास कराए अवैध प्लॉटिंग कर कॉलोनियां बसाने के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) लगातार एक्शन के मूड में है.

Bulldozer action in Lucknow: लखनऊ शहर में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ लगातार चलाये जा रहे अभियान के क्रम में सोमवार को प्रवर्तन टीम ने गुड़म्बा, बीकेटी व दुबग्गा क्षेत्र में कार्रवाई की. इस दौरान प्राधिकरण से लेआउट स्वीकृत कराए बिना विकसित की जा रही 4 कॉलोनियों की प्लाटिंग ध्वस्त की गईं हैं. ये सभी कार्रवाईयां सोमवार को की गई हैं.

प्रवर्तन जोन पांच के जोनल अधिकारी माधवेश कुमार ने बताया कि सईद, जमाल द्वारा गुड़म्बा के ग्राम-पलका में लगभग 5,000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में अवैध रूप से प्लॉटिंग कर रहे थे. इसके अलावा इमरान, कलाम द्वारा बीकेटी के ग्राम-अचरामऊ, नया पुरवा में 5,000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में अनाधिकृत रूप से प्लॉटिंग कर अवैध कॉलोनी विकसित कर रहे थे. प्राधिकरण से ले-उट स्वीकृत कराये बिना की जा रही इन दोनों प्लॉटिंग को प्रवर्तन टीम ने धवस्त कर दिया.

इसी तरह प्रवर्तन जोन सात के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह ने बताया कि इरफान अली द्वारा दुबग्गा के ग्राम-कुशमौरा हलुआपुर में 12,500 वर्गमीटर क्षेत्रफल में अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी. वहीं, अनीश पहलवान की ओर से कुशमौरा हलुआपुर में 10,000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में अनाधिकृत रूप से प्लाटिंग का कार्य करते हुए अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी. उक्त दोनों अवैध प्लाटिंग को प्रवर्तन टीम द्वारा ध्वस्त कर दिया गया.

बता दें कि LDA की ओर से अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है. सोमवार को कुल 17500 स्क्वायर मीटर जमीन पर अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया. इन अवैध कॉलोनियों की जमीन की लागत दो करोड़ से भी अधिक बताई जा रही है. यह पहली बार नहीं है जब एलडीए ने इस तरह से कार्रवाई की है. राजधानी के मोहनलालगंज, अर्जुनगंज, काल्ली पश्चिम मोहन रोड माल में अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया.

जहां एक और अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ एलडीए कार्रवाई कर रहा है तो वहीं सरकारी जमीन पर कब्जा कर भवन बनाने वालों के खिलाफ भी एक्शन लिया जा रहा है. पिछले दिनों एलडीए ने हजरतगंज में सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को मुक्त कराया था. लखनऊ विकास प्राधिकरण की ओर से शहर में बिना नक्शा पास करवा कर कमर्शियल बिल्डिंग बनाने वालों के खिलाफ भी कार्यवाही की जा रही है.

 

Back to top button