
कांग्रेस की बैठक में चले लात-घूसे; जिलाध्यक्ष समेत 15 खिलाफ FIR दर्ज
Congress meeting assault case: गोरखपुर में कांग्रेस के संगठन सृजन कार्यक्रम में रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं के दो गुटों के बीच धक्कामुक्की के बाद झड़प मारपीट में तब्दील हो गई. इस घटना में पीड़ित पक्ष के तीन से चार लोगों को चोटें आईं हैं.
Congress meeting assault case: मारपीट के मामले में पीड़ित सच्चिदानंद तिवारी की तहरीर पर रामगढ़ ताल थाने में देर रात, कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश तिवारी समेत 15 लोगों के विरुद्ध FIR दर्ज की गई है.
यह घटना उस समय हुई जब पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडेय, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय समेत तमाम वरिष्ठ नेता कांग्रेस के 12 जिलों की समीक्षा बैठक और कार्यशाला को संबोधित करने के लिए पहुंचे थे.
जिन प्रमुख लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है, उसमें जिलाध्यक्ष के अलावा उपाध्यक्ष श्रीश उपाध्याय, महासचिव जय गोविंद और अनुशासन समिति के अध्यक्ष विनोद पांडेय, आलोक शुक्ला सहित करीब 10 अन्य कांग्रेसियों का नाम शामिल है. सभी पर मारपीट और बलवा करने का आरोप है.
मारपीट में उरुवा ब्लॉक के माल्हनपार निवासी सच्चिदानंद तिवारी जो कांग्रेस के ब्लाक अध्यक्ष रहे हैं और अब निष्काषित हैं, उनको चोट पहुंची थी. जिनकी तहरीर पर यह मुकदमा लिखा गया है. सीओ कैंट योगेन्द्र सिंह ने बताया कि मुकदमा लिखने के साथ पीड़ित के बयान के आधार पर इसकी जांच की जा रही है. जो भी नियम संगत कार्रवाई होगी वह की जाएगी.
वहीं, इस मामले में आरोपों से घिरे कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश तिवारी ने बताया कि जिनकी तहरीर पर मुकदमा दर्ज हुआ है वह सच्चिदानंद तिवारी कांग्रेस के सदस्य नहीं है. पार्टी एक कार्यशाला करने जा रही थी. जिसमें वह माहौल खराब करने के लिए आए थे.
कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश कर गाली- गलौज कर अशांति पैदा कर रहे थे. उनके खिलाफ वह नारेबाजी कर रहे थे. जिस पर पार्टी के कार्यकर्ता उन्हें समझाकर बाहर कर दिए. कोई मारपीट नहीं हुई है. आरोप बेबुनियाद हैं.
वहीं पीड़ित सच्चिदानंद तिवारी का कहना है कि वह कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सत्यनारायण पटेल, महासचिव अविनाश पांडेय, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को इस घटना की जानकारी दी है.





