इंग्लैंड में टीम इंडिया का करिश्मा, पहली बार जीती T20 और ODI सीरीज

IND-W vs ENG-W: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने पहली बार इंग्लैंड में टी20 और वनडे सीरीज जीतकर करिश्मा कर दिखाया है। पांच मैचों की टी20 सीरीज भारत ने 3-2 से अपने नाम की थी।

IND-W vs ENG-W: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ 2-1 से वनडे सीरीज जीतते हुए इतिहास रच दिया है। टीम इंडिया ने चेस्टर-ले-स्ट्रीट में खेले गए तीसरे वनडे मैच को 13 रन से अपने नाम किया। ऐसा पहली बार है, जब भारत की महिला टीम ने इंग्लैंड के एक ही दौरे पर सीमित ओवरों की दोनों सीरीज जीतीं। वनडे सीरीज से पहले भारतीय टीम ने इंग्लैंड के विरुद्ध पांच मुकाबलों की टी20 सीरीज 3-2 से अपने नाम की थी।

हरमनप्रीत कौर ने की मिताली राज की बराबरी

इस मुकाबले की बात करें, तो टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने कप्तान हरमनप्रीत कौर के शतक की मदद से पांच विकेट खोकर 318 रन बना दिए। प्रतिका रावल और स्मृति मंधाना ने टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच 64 रन की साझेदारी हुई। प्रतिका 26, जबकि मंधाना 45 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। सलामी बल्लेबाजों के पवेलियन लौटने के बाद कप्तान ने हरलीन देओल के साथ तीसरे विकेट के लिए 81 रन जुटाए। देओल ने 65 गेंदों में 45 रन बनाए।

भारतीय महिला टीम के लिए वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की बात करें तो वहां स्मृति मंधाना का नाम टॉप पर है। मंधाना ने 105 पारियों में 11 शतक लगाए हैं। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर हरमनप्रीत कौर और मिताली राज का नाम है। दोनों ने वनडे क्रिकेट में अब तक 7-7 शतक लगाए हैं।

305 रन पर सिमट गई इंग्लैंड

इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 49.5 ओवरों में 305 रन पर सिमट गई। टीम आठ के स्कोर तक सलामी दोनों बल्लेबाजों के विकेट गंवा चुकी थी। यहां से एम्मा लैंब ने कप्तान नतालिया-साइवर-ब्रंट के साथ तीसरे विकेट के लिए 162 रन जोड़ते हुए टीम की उम्मीदों को जगाया।

ये भी पढ़े-

क्रिकेट एसोसिएशन अध्यक्ष पद के लिए रिटायर्ड IAS की दावेदारी; इस दिन होगी वोटिंग…

लैंब ने 81 गेंदों में 68 रन बनाए, जबकि ब्रंट ने 105 गेंदों में 11 चौकों के साथ 98 रन की पारी खेली। इनके अलावा एलिस रिचर्ड्स ने 44, जबकि सोफिया डंकले ने 34 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सकीं। भारत की ओर से क्रांति गौड़ ने 52 गेंदों में सर्वाधिक छह विकेट अपने नाम किए, जबकि श्री चरणी ने दो विकेट झटके। इनके अलावा दीप्ति शर्मा को एक विकेट हाथ लगा।

 

 

Back to top button