
IND vs ENG: ओवल टेस्ट में 98 ओवर का खेल, आज ही खत्म हो सकता है मैच
IND vs ENG 5th Test: भारत-इंग्लैंड 5वां टेस्ट लंदन के ओवल में खेला जा रहा है। भारत ने पहली पारी में 224 रन बनाए। इंग्लैंड ने 247 रन बनाए।
IND vs ENG 5th Test: भारत-इंग्लैंड के बीच शनिवार को केनिंग्टन ओवल में पांचवें टेस्ट के तीसरे दिन का खेल होना है। मुकाबले के शुरुआती दो दिन बारिश से प्रभावित रहे थे। ऐसे में तीसरे दिन इसकी भरपाई के लिए 98 ओवरों का खेल होगा। खेल के समय में भी इजाफा किया गया है। भारत ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक 18 ओवर में 2 विकेट पर 75 रन बना लिए। उसके पास 52 रन की बढ़त है।
98 ओवरों का बचा है खेल
तीसरे दिन का पहला सेशन दोपहर साढ़े तीन बजे से साढ़े पांच बजे तक चलेगा। इसके बाद शाम साढ़े पांच बजे से लेकर 6 बजकर 10 मिनट तक लंच होगा। दूसरे सेशन की शुरुआत शाम 6 बजकर 10 मिनट से होगी। यह सत्र रात 8 बजकर 25 मिनट तक चलेगा। टी-ब्रेक रात 8 बजकर 25 मिनट से 8 बजकर 45 मिनट तक होगा।
रात 11 बजे तक चलेगा खेल
तीसरे सेशन की शुरुआत 8 बजकर 45 मिनट पर होगी। इस सेशन का खेल रात 11 बजे तक चलेगा। अगर रात 11 बजे तक 98 ओवर पूरे नहीं हो पाते, तो दिन के खेल को 30 मिनट तक बढ़ाया जा सकता है।
पहली पारी में 247 रन पर इंग्लैंड ऑलआउट
लंदन में खेले जा रहे पांचवें टेस्ट में टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम पहली पारी में महज 224 रन पर सिमट गई। मेहमान टीम की ओर से करुण नायर ने 109 गेंदों में 57 रन की पारी खेली, जबकि साई सुदर्शन ने टीम के खाते में 38 रन जोड़े। विपक्षी टीम की ओर से गस एटकिंसन ने पांच विकेट चटकाए, जबकि जोश टंग को तीन विकेट हाथ लगे। इनके अलावा क्रिस वोक्स ने एक शिकार किया।
इसके जवाब में इंग्लैंड ने पहली पारी में 247 रन बनाकर 23 रन की मामूली बढ़त हासिल की। इंग्लैंड की ओर से जैक क्रॉली (64) और हैरी ब्रूक (53) ने अर्धशतक जमाए। टीम इंडिया की तरफ से मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने चार-चार शिकार किए।
भारतीय टीम ने दूसरी पारी में दो विकेट गंवाकर 75 रन बना लिए। तीसरे दिन के खेल तक यशस्वी जायसवाल 51 रन अपने खाते में जोड़ चुके हैं। वहीं, केएल राहुल 7 और साई सुदर्शन 11 के स्कोर पर आउट हो गए। भारत के पास फिलहाल 52 रन की लीड है।
पांच मुकाबलों की सीरीज में इंग्लैंड के पास 2-1 की बढ़त है। ऐसे में भारत अंतिम मुकाबला जीतकर सीरीज बराबरी पर खत्म करने की कोशिश करेगा।





