
राधिका आप्टे ने बताई साउथ इंडस्ट्री की सच्चाई, बोली- ‘मुझे मामा से शादी करने को कहा गया’
Radhika Apte On South Industry: अपनी बेबाक शैली के लिए जानी जाने वाली लोकप्रिय अभिनेत्री राधिका आप्टे एक बार फिर साउथ फिल्म इंडस्ट्री को लेकर दिए गए बयानों के चलते सुर्खियों में आ गई हैं।
राधिका आप्टे ने साउथ सिनेमा (खासतौर पर तेलुगु फिल्म उद्योग) की कार्य संस्कृति, वहां की रूढ़िवादी परंपराओं और पितृसत्तात्मक सोच (Patriarchal Mindset) पर तीखा हमला बोला है। उनके इस बयान के बाद से सोशल मीडिया में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
इस सीन पर जताई आपत्ति
जूम पर अपनी को-एक्ट्रेस कीर्ति सुरेश के साथ ‘अक्का’ का प्रचार करते समय, Radhika Apte से उनके करियर के सबसे चुनौतीपूर्ण किरदार के बारे में पूछा गया। उन्होंने बताया कि किस तरह दक्षिण भारतीय सिनेमा के कुछ हिस्सों में ऐसी कहानियों और परंपराओं को महिमामंडित किया जाता है जो आधुनिक समाज में अजीब और रूढ़िवादी प्रतीत होती हैं।
राधिका ने खुलासा किया कि उन्हें अपनी एक फिल्म के दौरान ऐसे दृश्यों में काम करने के लिए कहा गया, जो उनकी व्यक्तिगत मान्यताओं के बिल्कुल खिलाफ थे।
उन्होंने कहा, “मुझे एक फिल्म में अपने ही मामा से शादी करने वाले सीन करने पड़े थे। उस संस्कृति और वहां की कहानियों में इस तरह की चीजों को सामान्य माना जाता है, लेकिन एक कलाकार के रूप में मेरे लिए यह मानसिक रूप से बहुत असहज करने वाला अनुभव था।”
“साउथ इंडस्ट्री में पितृसत्ता हवी”
राधिका आप्टे ने आगे बात करते हुए कहा कि साउथ फिल्म इंडस्ट्री में अभिनेत्रियों के साथ व्यवहार और वहां की मूल सोच में आज भी पितृसत्तात्मक मानसिकता गहराई तक जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि वहां महिलाओं को अक्सर एक खास सांचे या वस्तु के रूप देखा जाता है, जहां उनकी अपनी कोई स्वतंत्र आवाज या क्रिएटिव राय की ज्यादा अहमियत नहीं होती। सेट पर मेल एक्टर्स और स्टार्स को मिलने वाली प्राथमिकता और फीमेल कलाकारों के प्रति रवैये पर भी उन्होंने सवाल खड़े किए।
ये भी पढ़े-Dia Mirza का दिवाली वीडियो हटाने पर बॉम्बे हाई कोर्ट नाराज, BMC को सख्त आदेश
पहले भी मुखर रही हैं राधिका आप्टे
यह पहली बार नहीं है जब राधिका आप्टे ने फिल्म इंडस्ट्री के अंदरूनी सच और कास्टिंग या वर्किंग कल्चर पर खुलकर बात की हो। वह इससे पहले भी फिल्म सेट पर बॉडी शेमिंग, असमान पारिश्रमिक और अभिनेत्रियों के साथ होने वाले भेदभावपूर्ण रवैये पर खुलकर अपनी राय रखती आई हैं।
हालांकि, उनके इस ताजा बयान के बाद साउथ सिनेमा के कई फैंस और फिल्म मेकर्स की तरफ से प्रतिक्रियाएं आनी शुरू हो गई हैं, जिससे इस मुद्दे पर एक बार फिर बहस छिड़ गई है।
ये भी पढ़े-Tusshar Kapoor बने लॉरेंस गैंग का नया टारगेट, एक्टर से मांगी पांच करोड़ की रंगदारी





