उप्र: शामली में पटाखा फैक्टरी में भीषण विस्फोट, कई मजदूरों के मौत की आशंका

blast (file photo)

शामली (उप्र)। उप्र के शामली में बुटराड़ा गांव स्थित पटाखा फैक्टरी में आज सोमवार दोपहर को भीषण विस्फोट हो गया। हादसे में कई मजदूरों की मौत होने की सूचना है।

घटना की जानकारी लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल कर राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि काम कर रहे कई मजदूरों के शरीर के चिथड़े उड़ गए।

जानकारी के मुताबिक बुटराड़ा गांव निवासी रिजवान के पास फुलझड़ी बनाने का लाइसेंस है। इसी लाइसेंस की आड़ में वह अवैध रूप से अन्य पटाखे बनाने का काम करता था।

सोमवार दोपहर करीब 1:00 बजे उसकी फैक्टरी में कई मजदूर पटाखा बनाने में जुटे हुए थे। तभी अचानक भीषण विस्फोट हो गया।

भीषण विस्फोट होने से आसपास का क्षेत्र भी दहल गया। लोग तुरंत मौके की ओर दौड़े और जानकारी ली। ग्रामीणों ने पुलिस को विस्फोट की सूचना दी।

जोरदार धमाके के साथ फैक्टरी का भवन क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कई मजदूरों के मारे जाने की आशंका है।

आसपास के इलाकों में भी विस्फोट की आवाज सुनाई दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो फैक्टरी में मलबा और पटाखे बिखरे पड़े थे।

कई मजदूर घायल अवस्था में पड़े थे। जिन्हें अस्पताल भिजवाया गया। मरने वाले कितने हैं, अभी इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस के उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंचने वाले हैं।

पुलिस ने राहत कार्य शुरू कर दिया है। मजदूरों के शव मलबे में दबे होने की आशंका जताई गई है, उनकी तलाश की जा रही है। फैक्टरी में सुबह से कितने मजदूर कार्य कर रहे थे इसके संबंध में भी पुलिस जानकारी कर रही है।

विस्फोट इतना भीषण था कि धमाके से फैक्टरी के आसपास के क्षेत्र में स्थित मकानों में भी दरारें आ गईं। मृतकों के परिजनों को भी पुलिस ने सूचित कर दिया है।

Back to top button