
इमरान ख़ान की पार्टी के प्रांतीय मंत्री फ़ज़ल शकूर ख़ान का अपहरण
पाकिस्तान के ख़ैबर पख़्तूनख़्वा (KP) प्रांत में सत्तारूढ़ दल पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ (PTI) के एक वरिष्ठ प्रांतीय मंत्री फ़ज़ल शकूर ख़ान के कथित अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रांतीय सरकार ने आरोप लगाया है कि पेशावर में सादे कपड़ों में आए अज्ञात लोगों ने मंत्री के वाहन पर गोलीबारी की और उनका अपहरण कर लिया। इस घटना के बाद प्रांतीय राजनीति में भारी तनाव पैदा हो गया है और सरकार ने ख़ैबर पख़्तूनख़्वा विधानसभा का आपातकालीन सत्र बुलाया है।
पेशावर में पीटीआई के वरिष्ठ नेताओं के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए ख़ैबर पख़्तूनख़्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफ़रीदी ने सुरक्षा व प्रशासनिक तंत्र पर गंभीर आरोप लगाए।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि फ़ज़ल शकूर ख़ान को दिनदहाड़े सादे कपड़ों में आए अज्ञात लोगों ने अगवा किया। इस दौरान मंत्री के वाहन को निशाना बनाकर फ़ायरिंग भी की गई। अफ़रीदी ने सख्त लहजे में कहा, “अगर हुकूमत में बैठे किसी को लगता है कि इस प्रकार के दमन और हरकतों से हमारा राजनीतिक आंदोलन कमजोर पड़ जाएगा, तो वे ग़लतफ़हमी में हैं। पीटीआई नेतृत्व ने दावा किया कि रविवार को एक अन्य प्रांतीय मंत्री शकील अहमद के साथ भी इसी तरह की घटना को अंजाम देने की कोशिश की गई थी। पार्टी के अनुसार:
शकील अहमद के कथित अपहरण के प्रयास के दौरान भी अज्ञात हमलावरों ने फ़ायरिंग की थी।
हालांकि, वे सतर्कता बरतते हुए मौके से सुरक्षित बच निकलने में कामयाब रहे।





