कोरोना: कमजोर पड़ती दिख रही है महामारी की दूसरी लहर, मौतों की संख्या में भी आई कमी

नई दिल्ली। देश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर अब कमजोर पड़ती दिख रही है। कोरोना के दैनिक मामले एक बार फिर तीन लाख से नीचे रहे हैं। मौतों की संख्या में भी गिरावट आई है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, देश में बीते 24 घंटों में कोरोना वायरस के 2,76,070 मामले सामने आए हैं। इस दौरान मौत का आंकड़ा 3,874 रहा। पिछले कई दिनों बाद मौत का आंकड़ा 4000 से नीचे आया है।

देश में कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। बीते 24 घंटों में देश में 3,69,077 लोग ठीक हुए हैं। ठीक होने वालों का आंकड़ा अब बढ़कर 2 करोड़ 23 लाख 55 हजार 440 हो गया है।

कोरोना के सक्रिय मामले भी तेजी से कम हो रहे हैं। पिछले 24 घंटों में 96,841 एक्टिव केस कम हुए हैं। फिलहाल देश में 31 लाख 29 हजार 878 एक्टिव कोरोना केस हैं।

भारत में कोरोना के कुल मामलों की बात की जाए तो अब तक कुल 2 करोड़ 57 लाख 72 हजार 400 मामले सामने आ चुके हैं। कोरोना से मौत का आंकड़ा अब 2 लाख 87 हजार 122 हो गया है।

बुधवार को 20.55 लाख टेस्ट

आइसीएमआर के मुताबिक कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए बुधवार को देश भर में 20,55,010 नमूनों की जांच की गई। इनको मिलाकर अब तक 32 करोड़ 23 लाख 56 हजार से ज्यादा नमूनों का परीक्षण किया जा चुका है।

साढ़े 18 करोड़ से पार पहुंचा टीकाकरण का आंकड़ा

इस बीच देश में कोरोना वायरस के खिलाफ टीकाकरण जारी है। ताजा आंकड़ों के अनुसार, देश में अब तक 18,70,09,792 लोगों को टीका लगाया चुका है। इसमें से 11,66,090 टीकाकरण बीते एक दिन में किया गया है।

Back to top button