फिर डराने लगी कोरोना की रफ़्तार, पिछले 24 घंटे में 18 हजार से अधिक नए मामले

नई दिल्ली। देश में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 18,327 नए मामले सामने आए हैं जबकि 108 लोगों की मौत हो गई। 

देश में बीते 24 घंटों में 14,234 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं। रिकवरी दर बढ़कर 96.98% हो गई है। जबकि कोरोना मृत्यु दर फिलहाल 1.41% है।

देश में कुल संक्रमितों की संख्या 1,11,92,088, स्वस्थ होने वाले मरीजों की कुल संख्या 1,08,54,128, मृतकों की संख्या 1,57,656 और 1,80,304 सक्रिय मामले हैं।

महाराष्ट्र में फिर से हालात हो रहे बेकाबू

महाराष्ट्र में फिर से कोरोना बेकाबू होने लगा है। एक दिन में ही संक्रमण की रफ्तार में 250% का इजाफा देखने को मिला है। शनिवार को राज्य में 10,216 लोग संक्रमित पाए गए। 5 महीने बाद पहली बार है, जब एक दिन के अंदर 10,000 से ज्यादा कोरोना मरीज मिले हैं। इसके पहले 17 अक्टूबर को 10,259 लोग पॉजिटिव पाए गए थे।

पांच राज्यों में सक्रिय मामले बढ़े

स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में बीते 24 घंटों में 3,985 सक्रिय मामले बढ़े हैं। इससे एक्टिव केस की दर बढ़कर 1.61% हो गई है।  मंत्रालय के मुताबिक महाराष्ट्र, पंजाब, मध्य प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली में सबसे ज्यादा सक्रिय मामलों की संख्या बढ़ी है।

नमूनों का परीक्षण

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) ने जानकारी देते हुए बताया कि देश में शुक्रवार तक कुल 22,06,92,677 नमूनों का परीक्षण किया गया। वहीं गुरुवार को 7,51,935 नमूनों का परीक्षण किया गया।

देश में 240 लोग कोरोना के नए स्ट्रेन से पीड़ित

अब तक 240 मरीजों में कोरोना का नया स्ट्रेन मिला है। ये नया स्ट्रेन बेहद खतरनाक और तेजी से फैलने वाला है और इसे लेकर भारत सरकार सतर्क हो गई है।

Back to top button