बिहार बंद: सड़कों से छात्र नदारद, राजनीतिक कार्यकर्ता कर रहे विरोध-प्रदर्शन

Bihar Bandh News

पटना। RRB-NTPC रेलवे भर्ती परीक्षा को लेकर बवाल के बाद केंद्र सरकार द्वारा छात्रों की सभी मांगें मानने के बावजूद आज बिहार बंद का आयोजन किया गया है।

पटना, गया, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा सहित बिहार के सभी बड़े शहरों में सुबह से ही जगह-जगह रास्तों को जाम कर दिया गया है।

कहीं सड़कों पर टायर जलाए जा रहे हैं तो कहीं नारेबाजी की जा रही है। छात्रों के इस आंदोलन को अब विपक्ष ने लपक लिया है। सड़कों से छात्र नदारद हैं लेकिन राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी), पप्पू यादव की जन अधिकार पार्टी, कांग्रेस और लेफ्ट के कार्यकर्ता विरोध-प्रदर्शन करते दिखाई दे रहे हैं।

पटना में सुबह ही कई सड़कों पर आरजेडी के कार्यकर्ता उतर आए। टायरों को जलाते हुए सड़कों को जाम कर दिया। कई जगह पप्पू यादव की पार्टी के कार्यकर्ता तो कुछ जगहों पर कांग्रेस और लेफ्ट के कार्यकर्ता ने जाम लगा दिया। मोदी-नीतीश के खिलाफ नारेबाजी की जा रही है।

महुआ विधायक डॉ. मुकेश रौशन ने रामाशीष चौक पर कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन किया। पटना में भिखना पहाड़ी इलाके में आरजेडी कार्यकर्ताओं ने आगजनी की।

दरभंगा में संपर्क क्रांति ट्रेन को रोका

दरभंगा रेलवे स्टेशन पर आईएसए और आरजेडी के कार्यकर्ता पहुंचकर हंगामा करने लगे। कार्यकर्ता ट्रैक पर बैठ गए और दरभंगा संपर्क क्रांति का रास्ता रोक दिया। आरजेडी के कार्यकर्ता ट्रेन के इंजन पर चढ़कर नारेबाजी करते रहे।

वैशाली में सड़क जाम

वैशाली में हाईवे पर आरजेडी कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर टायरों में आग लगाकर रास्ता रोक दिया। यहां मोदी और नीतीश का पुतला भी फूंका गया।

जहानाबाद में सड़क पर कार्यकर्ता

जहानाबाद में बिहार बंद के समर्थन में भाकपा माले एवं महागठबंधन के कार्यकर्ता सुबह में ही सड़क पर उतर गए। कार्यकर्ता सड़क पर प्रदर्शन कर बंद को सफल बनाने की अपील कर रहे हैं।

Back to top button