UP News: अखिलेश यादव की बेटी पर आपत्तिजनक पोस्ट से गरमाई सियासत, 4 लोगों पर FIR दर्ज

UP News: सपा प्रमुख अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव पर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट और फोटो एडिट करने के मामले में कानपुर और प्रतापगढ़ में एफआईआर (FIR) दर्ज की गई है।

UP News: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की बड़ी बेटी अदिति यादव (23) को लेकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने का एक गंभीर मामला सामने आया है। इस विवादित टिप्पणी और एडिटेड फोटो पोस्ट करने के आरोप में उत्तर प्रदेश के कानपुर और प्रतापगढ़ जिलों में कुल चार लोगों के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है।

सीएम योगी ने कहा कि मैं पिछले दिनों देख रहा था,समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की पुत्री के खिलाफ कुछ लोगों ने गलत टिप्पणियां की थीं। सीएम योगी ने कहा कि मेरे संज्ञान में आया, मैंने तत्काल पुलिस से कहा इसमे एफआईआर दर्ज कराओ।

क्या है पूरा मामला? 

कानपुर के साइबर थाने में यह शिकायत सपा अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय सचिव प्रवीण यादव ने दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट, धोखाधड़ी, जालसाजी और महिला की छवि धूमिल करने की धाराओं में मामला दर्ज किया है।

शिकायत के मुताबिक, सोशल मीडिया पर ‘भरत कुमार पटेल’ नाम की एक आईडी से अदिति यादव पर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। आरोपी ने लिखा कि “अशिलेश यादव यहां राम मंदिर में 7 करोड़ की चोरी की बात कर रहे हैं, उधर उनकी बेटी जो लंदन में पढ़ाई कर रही हैं, कुछ दिनों से लापता हैं।” इसके साथ ही आरोपी ने अदिति यादव की एक फोटो को किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ आपत्तिजनक तरीके से एडिट करके पोस्ट कर दिया।

प्रतापगढ़ में दर्ज कराया मुकदमा

इसी मामले को लेकर प्रतापगढ़ में भी सपा के जिला महासचिव अब्दुल कादिर जिलानी ने फेसबुक पर ‘शीतला सुजान कवि पत्रकार’ नाम की एक फर्जी आईडी के खिलाफ शिकायत दी, जिसके बाद वहां भी पुलिस ने सख्त धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। बता दें कि अदिति यादव वर्तमान में लंदन की प्रतिष्ठित ‘यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन’ (UCL) से ‘राजनीति और अंतरराष्ट्रीय संबंध’ (Politics and International Relations) की पढ़ाई कर रही हैं।

मामले पर गरमाई सियासत

1. कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर का बयान: सुभासपा प्रमुख और यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा:

“अदिति मेरी भी बेटी है। आप पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी से हम शर्मिंदा हैं। जिसने भी ऐसी हरकत की, वह शर्मनाक है। लेकिन अखिलेश जी अपनी गिरेबान में झांकें। मेरे और मेरे परिजनों के बारे में क्या-क्या लिखवाते रहते हैं? मैं गारंटी से कह सकता हूं कि यह घटिया हरकत करने वालों में कोई सपाई (सपा कार्यकर्ता) ही होगा। ऐसा घटिया प्रशिक्षण लाल या हरी टोपी वाले मास्टर साहब की कक्षा में ही मिलता है।”

2. भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह ने जताई आपत्ति: भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह ने भी इस कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा:

“सपा प्रमुख की बेटी के बारे में सोशल मीडिया पर अपमानजनक बातें फैलाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। बेटियों का सम्मान राजनीति से ऊपर है। समाज को ऐसे गलत कामों के खिलाफ एकजुट होकर खड़ा होना चाहिए। इस मामले की गहन जांच होनी चाहिए।”

3. सपा नेता शिवपाल यादव का पलटवार: इस पूरे विवाद पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा:

“भाजपा सरकार से निकृष्ट कोई सरकार हो नहीं सकती। ऐसे में मैं क्या कहूं। अगर समाजवादी पार्टी के लोग इस अन्याय के खिलाफ जिले-जिले में सड़कों पर उतर आए, तो राज्य में कानून-व्यवस्था (Law and Order) संभालना मुश्किल हो जाएगा।”

अदिति यादव पर किए गए इस साइबर अटैक के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर सोशल मीडिया मर्यादा को लेकर बहस छिड़ गई है। पुलिस फिलहाल आरोपियों के आईपी एड्रेस और सोशल मीडिया प्रोफाइल की जांच कर रही है ताकि जल्द से जल्द गिरफ्तारी की जा सके।

Back to top button