
2029 से पहले पंजाब को पूरी तरह नशामुक्त करेंगे:अमित शाह
‘AAP’ सरकार ने पंजाब की धरती पर फसल नही नशा बो दिया
Union Home Minister Amit Shah: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जालंधर में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘आप’ सरकार ने पंजाब को नशे (चिट्ठे) के दलदल में धकेल दिया है। गृह मंत्री ने घोषणा की कि आगामी 2027 का विधानसभा चुनाव भारतीय जनता पार्टी ‘नशामुक्त पंजाब’ के मुख्य मुद्दे पर लड़ेगी। साथ ही, उन्होंने वादा किया कि यदि राज्य में बीजेपी की सरकार बनती है, तो 31 दिसंबर 2029 से पहले पंजाब को पूरी तरह चिट्ठामुक्त कर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री भगवंत ने विज्ञापनों पर 785 करोड़ रुपये खर्च किए
अमित शाह ने कहा मैं पंजाब की माताओं को यह विश्वास दिलाने आया हूँ कि 31 दिसंबर 2029 के बाद आपके बच्चों को चिट्टा उपलब्ध कराने वाला कोई नहीं बचेगा। नशा बेचने वाले तस्करों को चुन-चुनकर जेलों की सलाखों के पीछे डाला जाएगा। शाह ने कहा कि जो पंजाब कभी पूरे देश के लिए गेहूं और धान उगाता था, आज उस उपजाऊ धरती पर नशा बो दिया गया है। उन्होंने बताया कि वे उन पीड़ित परिवारों से भी मिलकर आए हैं जिन्होंने नशे के कारण अपने जवान बच्चों को खोया है। राज्य की भगवंत मान सरकार पर निशाना साधते हुए गृह मंत्री ने कहा कि आज पंजाब की आर्थिक व्यवस्था बेहद बदहाल स्थिति में है। उन्होंने मोगा विज्ञापन घोटाला, बरनाला भूमि घोटाला और पंजीरी घोटाले जैसे मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में हर महीने उगाही हो रही है और केवल विज्ञापनों पर सालाना 785 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से सवाल किया कि 25 लाख नौकरियां देने और 26 फसलों पर एमएसपी देने के उनके वादों का क्या हुआ?





