आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की बढ़ेगी सैलरी! ₹12 हजार मानदेय का भेजा गया प्रस्ताव

Lucknow : उत्तर प्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए योगी सरकार बड़ी सौगात देने की तैयारी में है। प्रदेश के बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी का प्रस्ताव शासन को भेजा है। प्रस्ताव पर मुहर लगती है तो हजारों कर्मचारियों को हर महीने अतिरिक्त आर्थिक लाभ मिलेगा।

विभाग की ओर से भेजे गए प्रस्ताव के अनुसार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय 8,000 रुपये से बढ़ाकर 12,000 रुपये प्रतिमाह करने की सिफारिश की गई है। वहीं, सहायिकाओं का मानदेय 4,000 रुपये से बढ़ाकर 6,000 रुपये प्रतिमाह किए जाने का प्रस्ताव है।

कार्यकर्ताओं को हर महीने मिलेंगे 4 हजार रुपये ज्यादा
अगर प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में सीधे 4 हजार रुपये प्रतिमाह का इजाफा होगा। इसी तरह सहायिकाओं को मौजूदा मानदेय की तुलना में 2 हजार रुपये अधिक मिल सकते हैं।
आंगनबाड़ी केंद्रों के जरिए प्रदेश में बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और शुरुआती देखभाल से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य किए जाते हैं। ऐसे में मानदेय में बढ़ोतरी से इन कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।

सरकार की मंजूरी का इंतजार
फिलहाल विभाग की ओर से प्रस्ताव भेजा गया है। अब इस पर शासन स्तर से फैसला होना है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद ही बढ़ा हुआ मानदेय लागू होने की स्थिति स्पष्ट होगी।
मानदेय बढ़ोतरी की खबर से प्रदेश के आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं में उम्मीद जगी है। लंबे समय से मानदेय बढ़ाने की मांग के बीच सरकार का यह प्रस्ताव उनके लिए बड़ी राहत साबित हो सकता है।

Back to top button