
अंजना सिंह ने खेसारी लाल पर दर्ज कराई FIR, अश्लील फोटो वायरल करने का आरोप
Bhojpuri News: भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में एक बार फिर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। मशहूर भोजपुरी अभिनेत्री अंजना सिंह ने सुपर-स्टार और सिंगर खेसारी लाल यादव और उनकी टीम के सदस्यों के खिलाफ लखनऊ के हजरतगंज स्थित साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
अंजना सिंह का गंभीर आरोप है कि खेसारी लाल यादव की टीम ने एआई (Artificial Intelligence) तकनीक का गलत इस्तेमाल करके उनकी और उनकी 11 साल की नाबालिग बेटी की अश्लील और आपत्तिजनक तस्वीरें व वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किए हैं।
मेरी बेटी को भी नहीं बख्शा
समाचार एजेंसी एएनआई (ANI) से बातचीत करते हुए भावुक अंजना सिंह ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से एक साजिश (Conspiracy) के तहत उनके खिलाफ ऑनलाइन ट्रॉलिंग कैम्पेन चलाया जा रहा है। अंजना सिंह ने कहा कि “पिछले कुछ दिनों से मेरी और मेरी 11 साल की बेटी की AI जनरेटेड अश्लील तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे हैं। इसमें बेहद गंदी भाषा का इस्तेमाल किया गया है और मुझे लखनऊ न आने की धमकियां तक दी जा रही हैं। यह पूरी तरह से एक सोची-समझी साजिश है।”
CM योगी से लगाई इंसाफ की गुहार
मामले की गंभीरता को देखते हुए अंजना सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और यूपी पुलिस से सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। अंजना सिंह ने कहा मैं उत्तर प्रदेश की बेटी हूँ। मुझे यूपी सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर पूरा भरोसा है कि वे मुझे और मेरी मासूम बेटी को इंसाफ दिलाएंगे। ऐसे अपराधियों को तुरंत सलाखों के पीछे भेजा जाना चाहिए।
ये भी पढ़े- Aamir Khan के सौतेले भाई हैदर पाई-पाई को मोहताज, एक्स-वाइफ का छलका दर्द
पॉडकास्ट से शुरू हुआ था विवाद
बताया जा रहा है कि यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब हाल ही में एक पॉडकास्ट इंटरव्यू के दौरान अंजना सिंह ने खेसारी लाल यादव को लेकर अपनी व्यक्तिगत राय रखी थी।
फिलहाल लखनऊ की साइबर क्राइम सेल ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सोशल मीडिया कंपनियों से IP एड्रेस व संबंधित डेटा मांगा जा रहा है। दूसरी तरफ, खेसारी लाल यादव या उनकी टीम की तरफ से इस गंभीर आरोप पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।





