
अयोध्या पहुंचे अरविंद केजरीवाल, राम मंदिर चढ़ावा विवाद के बीच हनुमानगढ़ी में की पूजा
Arvind Kejriwal Ayodhya Visit: राम मंदिर चढ़ावा विवाद के बीच आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल अयोध्या पहुंचे। संतों के विरोध के बावजूद उन्होंने हनुमानगढ़ी में हनुमान चालीसा का पाठ किया।
Arvind Kejriwal Ayodhya Visit: श्रीराम मंदिर में चढ़ावे को लेकर चल रहे भारी विवाद के बीच आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे। अयोध्या दौरे पर आए केजरीवाल ने सबसे पहले प्रसिद्ध हनुमानगढ़ी मंदिर का रुख किया, जहाँ उन्होंने पूरे विधि-विधान से बजरंगबली के दर्शन और पूजन किए।
हनुमानगढ़ी में पढ़ा चालीसा
मंदिर में दर्शन के दौरान केजरीवाल ने श्रद्धापूर्वक हनुमान चालीसा का पाठ किया और देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि व शांति की कामना की। पूजा-अर्चना संपन्न करने के बाद उन्होंने मंदिर परिसर में मौजूद संत-महंतों से संक्षिप्त मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। हालांकि, राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर चल रहे विवाद पर केजरीवाल ने मीडिया के सामने कोई भी सार्वजनिक बयान देने से परहेज किया। उनके इस संवेदनशील दौरे को देखते हुए मंदिर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
संतों के एक वर्ग ने किया भारी विरोध
केजरीवाल के इस दौरे का अयोध्या के संतों और पुरोहित समाज के एक वर्ग ने कड़ा विरोध किया है। सनातन रक्षक दल और पांडा पुरोहित समाज ने उनके खिलाफ प्रदर्शन करने का फैसला लिया।
सनातन रक्षक दल के अध्यक्ष मुकुंद माधव त्रिपाठी और पांडा पुरोहित समाज के अध्यक्ष राजेश महाराज का कहना है कि केजरीवाल को अयोध्या आने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है, क्योंकि अतीत में उन्होंने भगवान राम और मंदिर को लेकर विवादित टिप्पणियां की थीं। संतों ने राम मंदिर परिसर के गेट नंबर-11 के बाहर केजरीवाल को काले झंडे दिखाने और पुतला फूंकने का भी ऐलान किया है।
ये भी पढ़े- UP News: अब आधार से साबित नहीं होंगे पारिवारिक रिश्ते, यूपी में बदले रजिस्ट्री के नियम
क्या है राम मंदिर चढ़ावा विवाद?
आपको बता दें कि यह विवाद राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी से जुड़ा है, जिसमें पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश पर गठित एसआईटी (SIT) ने इस मामले की प्रारंभिक रिपोर्ट सौंप दी है, जिसके बाद आज इन आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जा रहा है। इसी गरमाए माहौल के बीच संजय राउत समेत कई विपक्षी नेताओं ने भी ट्रस्ट पर सवाल उठाए हैं।
ये भी पढ़े- Ram Mandir चढ़ावा चोरी मामले में बड़ा एक्शन, 8 लोग पुलिस हिरासत में, SIT ने सौंपी रिपोर्ट





