
वरिष्ठजनों के अनुभव और आशीर्वाद से समृद्ध होगा समाज:असीम अरुण
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर UP सरकार ने दिया ‘शतायु सम्मान’
International Day of Older Persons: अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर लखनऊ के गोमती नगर में स्थित भागीदारी भवन में कार्यक्रम में आयोजित हुआ। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सारकर के समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बतौर मुख्य अतिथि असीम अरुण ने सौ वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकीं श्रीमती लल्ली देवी, श्रीमती रानी कपूर एवं न्यायाधीश (सेवानिवृत्त) कमलेश्वर नाथ को ‘शतायु सम्मान’ प्रदान किया। वहीं विनोद कुमार शुक्ल, ललित सिंह पोखरिया, प्रसिद्ध इतिहासकार एवं लेखक डॉ. रवि भट्ट और डॉ. किशन वीर सिंह शाक्य सहित चार वरिष्ठजनों को ‘सीनियर अचीवर्स सम्मान’ से सम्मानित किया गया। जिनके अनुभवों ने पीढ़ियों को दिशा दी और जिनके आशीर्वाद में परिवार की खुशियां बसती हैं, ऐसे वरिष्ठजनों के योगदान को सम्मान देने के लिए अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर समाज कल्याण विभाग, हेल्पेज इंडिया और वरिष्ठ नागरिक महासमिति के संयुक्त तत्वावधान में विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर
असीम अरुण ने कहा कि वरिष्ठजनों के अनुभव और आशीर्वाद से समाज समृद्ध होता है। वे हमारी अनुभव, संस्कार और जीवन मूल्यों की अमूल्य धरोहर हैं। उनका सम्मान हमारी सामाजिक जिम्मेदारी है। इसे जीवनशैली का हिस्सा बनना चाहिए। प्रदेश सरकार वरिष्ठजनों के स्वास्थ्य, सुरक्षा, सम्मान और सामाजिक संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि केयर इकोनॉमी को रोजगार और सामाजिक सुरक्षा से जोड़ने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, ताकि बुजुर्गों की देखभाल के लिए प्रशिक्षित देखभालकर्ताओं की उपलब्धता बढ़े। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम एवं राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना संचालित हैं। सभी 75 जनपदों में उप जिलाधिकारी की अध्यक्षता में भरण-पोषण अधिकरण गठित हैं।
युवाओं ने लिया वरिष्ठजनों के सम्मान का संकल्प
कार्यक्रम में विभाग की वृद्धाश्रम सुविधाओं पर डॉक्युमेंट्री दिखाई गई। CMS- RDSO शाखा के बच्चों ने ‘अपने मां-बाप का तू दिल न दुखा’ गीत पर सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। युवाओं ने वरिष्ठजनों के सम्मान का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम में निदेशक समाज कल्याण संजीव सिंह, हेल्पेज इंडिया के स्टेट हेड अनूप पंत,अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत, संयुक्त निदेशक आर पी सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रीमती अनामिका सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वरिष्ठ नागरिक महासमिति के अध्यक्ष श्री श्याम पाल सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया।





