Ayodhya : राम की नगरी अयोध्या की सुरक्षा में 1 हजार कैमरे, सिविल लाइंस में बनेगा कंट्रोल रूम

Ayodhya News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में भगवान राम की नगरी अयोध्या को स्मार्ट और सुरक्षित शहर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

Ayodhya News: अयोध्या नगर निगम ने योगी सरकार की स्मार्ट सिटी पहल के तहत एक महत्वाकांक्षी मास्टर प्लान तैयार किया है, जिसके अंतर्गत इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड सेंटर (आईसीसीसी) स्थापित किया जाएगा। योगी सरकार के नियोजन विभाग ने इस योजना को मंजूरी दे दी है और जल्द ही इसे लागू करने की प्रक्रिया शुरू होगी। इस परियोजना के लिए 56 करोड़ रुपए की लागत से अयोध्या और फैजाबाद में एक हजार सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।

बनेगा अत्याधुनिक कंट्रोल रूम

पुलिस विभाग के सहयोग से शहर के संवेदनशील और प्रमुख स्थानों पर कैमरे स्थापित किए जाएंगे, जिससे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी। योगी सरकार की इस पहल के तहत सिविल लाइंस में नगर निगम और अयोध्या विकास प्राधिकरण (एडीए) के संयुक्त कार्यालय में एक अत्याधुनिक कंट्रोल रूम बनाया जाएगा, जहां से पूरे शहर की निगरानी की जाएगी। यह कंट्रोल रूम न केवल सुरक्षा सुनिश्चित करेगा, बल्कि शहर की विभिन्न समस्याओं जैसे जलभराव, खराब स्ट्रीट लाइट्स और पेयजल संकट की त्वरित मॉनिटरिंग और समाधान में भी सहायक होगा।

1,300 से अधिक सीसी कैमरे से निगरानी

अयोध्या में पहले से ही सेफ सिटी प्रोजेक्ट के तहत 1,300 से अधिक सीसी कैमरे को अमानीगंज स्थित जलकल कार्यालय में आईटीएमएस से इंटीग्रेट किया जा चुका है। इनमें निजी घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के कैमरे शामिल हैं। इसका मकसद भी अयोध्या की सुरक्षा को मजबूत करना है। नगर निगम के निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता पुनीत ओझा ने बताया कि शासन से अंतिम मंजूरी मिलने के बाद इस परियोजना पर तेजी से काम शुरू होगा।

यह योजना न केवल अयोध्या को सुरक्षित और स्मार्ट बनाने में योगदान देगी, बल्कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने में भी योगी सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Back to top button