बिहार-बंगाल में रामनवमी से शुरू हुई हिंसा अब तक नहीं रुकी, इन्टरनेट सेवाएँ भी बंद

बिहार-बंगाल में रामनवमी के दिन से शुरू हुई हिंसा अभी तक नहीं रुकी है | बिहार के सासाराम में जहां सोमवार की सुबह धमाके की खबर सामने आ रही है, वहीं नालंदा जिले में 4 अप्रैल तक इंटरनेट सेवा बंद रहेगी| शहर में पहले से कर्फ्यू लगा हुआ है|  इसके साथ ही रोहतास में 4 अप्रैल तक सभी शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे| वहीं बंगाल के हुगली में भी रविवार को शोभायात्रा पर पत्थरबाजी और आगजनी हुई|

बिहार-बंगाल हिंसा (इमेज सोर्स: सोशल मीडिया)

बिहार के सासाराम और नालंदा जिले में पिछले 3 दिनों से हिंसा और उपद्रव की खबर सामने आ रही है| रामनवमी जुलूस के बाद भड़की हिंसा की घटनाओं की वजह से न सिर्फ इन दोनों जिलों बल्कि पूरे बिहार के लोगों में डर समाया है कि कहीं दंगे की यह आग और न भड़क उठे| हालांकि बिहार पुलिस दोनों ही जिलों में स्थिति पर नियंत्रण बनाने में जुटी है| नालंदा में अब तक 137 लोगों की गिरफ्तारी हुई है| लेकिन, बीते 3 दिनों में हिंसा की जो तस्वीरें सामनें आई वो दंगे की खौफनाक कहानी बयां करती नजर आती हैं|

वही बंगाल में पहली हिंसा हावड़ा के शिबपुर में हुई, जहां दो समुदाय भिड़ गए और पत्थरबाजी हुई| इसके बाद कई वाहनों और दुकानों को आग के हवाले कर दिया गया| सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति पर काबू पाने के लिए आंसू गैस के गोले दागे| इस दौरान कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया गया| इसके बाद हुगली में निकाली जा रही शोभायात्रा पर रविवार को पत्थरबाजी और आगजनी हुई| इसमें बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष  दिलीप घोष भी शामिल हुए थे| उनके जाने के बाद अचानक दो गुट आमने-सामने आ गए| देखते ही देखते पत्थरबाजी शुरू हो गई और आगजनी भी हुई| हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस ने मोर्चा संभाला| पुलिस ने इस मामले में अब तक 12 लोगों को गिरफ्तार किया है| और हावड़ा में हिंसा के मामले में 45 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया था |

Back to top button