
मैथिली ठाकुर का बढ़ा राजनीतिक कद, BJP में मिली नई जिम्मेदारी
Maithili Thakur BJP News: बिहार की राजनीति में अपनी खास पहचान बनाने वाली लोकप्रिय लोक गायिका और अलीनगर विधानसभा सीट से विधायक मैथिली ठाकुर (Maithili Thakur) का राजनीतिक कद लगातार ऊंचा होता जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने संगठन का विस्तार करते हुए उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।
मैथिली ठाकुर को भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में बतौर सदस्य शामिल किया गया है।
BJYM के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने घोषित की नई टीम
भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी ने संगठन की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया है। इस नई सूची में देश भर के युवा नेताओं को संगठन में अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। बिहार से भी कई युवा चेहरों को इस राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है, जिसमें विधायक मैथिली ठाकुर का नाम सबसे प्रमुख माना जा रहा है।
हालांकि, पार्टी की ओर से उन्हें अभी राष्ट्रीय कार्यकारिणी में सदस्य के रूप में शामिल किया गया है, और उन्हें सीधे तौर पर किसी विशेष पद की जिम्मेदारी नहीं दी गई है, लेकिन इसे उनके बढ़ते राजनीतिक प्रभाव के रूप में देखा जा रहा है।
अन्य युवा नेताओं को भी मिला प्रतिनिधित्व
युवा मोर्चा की इस नई राष्ट्रीय टीम में बिहार से अन्य नेताओं को भी महत्वपूर्ण पद सौंपे गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, राज राजेंद्र सिंह को भाजयुमो का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष (National Vice President) बनाया गया है, जबकि राहुल झा को राष्ट्रीय मंत्री (National Secretary) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा बिहार को कोटे से कुछ अन्य युवा कार्यकर्ताओं को भी राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जगह दी गई है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि युवा और लोकप्रिय चेहरे के रूप में मैथिली ठाकुर की सक्रियता से पार्टी को आगामी राजनीतिक रणनीतियों में युवाओं के बीच अपनी पैठ और अधिक मजबूत करने में मदद मिलेगी।
अलीनगर से विधायक बनने के बाद से ही मैथिली ठाकुर लगातार क्षेत्र विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक और संगठनात्मक कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग ले रही हैं।





