चंडीगढ़ नगर निगम: आप को झटका देकर भाजपा ने जीता मेयर पद का चुनाव

चंडीगढ़। चंडीगढ़ नगर निगम के मेयर पद का चुनाव भाजपा ने जीत लिया है। आज शनिवार को भाजपा की सरबजीत कौर को इस चुनाव में 14 वोट मिले। मेयर के चुनाव में कुल 28 मत पड़े थे, जिनमें 14 भाजपा ने हासिल किए और 13 वोट आम आदमी पार्टी को मिले।
इस तरह भाजपा ने महज एक वोट के अंतर से मेयर के पद पर जीत हासिल कर ली। आप का एक वोट खारिज कर दिया गया। इसके बाद सदन में हंगामा हो गया। भाजपा की जीत से नाराज आप पार्षद धरने पर बैठ गए हैं।
कुल 28 वोटों में से आधे वोट हासिल कर भाजपा को यह बड़ी सफलता मिली है। दरअसल चुनाव परिणामों में आप को 14 सीटें मिलीं थीं और भाजपा 12 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर थी। ऐसे में आम आदमी पार्टी का आरोप है कि भाजपा ने गड़बड़ी करके मेयर पद हासिल किया है।
भाजपा की सरबजीत कौर के चुनाव जीतने के बाद आम आदमी पार्टी के पार्षदों ने जमकर हंगामा किया और मेयर की कुर्सी ही घेरकर बैठ गए।
इसके बाद पुलिस को बुलाना पड़ा, जिसकी मदद से आप पार्षदों को हटाया गया। फिर चंडीगढ़ से भाजपा की ही सांसद किरण खेर ने सरबजीत कौर को कुर्सी पर बिठाया।
दरअसल चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के नतीजे आने के कुछ दिनों बाद ही कांग्रेस के टिकट पर जीतीं पार्षद हरप्रीत कौर बाबला ने भाजपा जॉइन कर ली थी।
उनके साथ उनके पति और सीनियर कांग्रेस लीडर देविंदर बाबला भी भगवा दल का हिस्सा हो गए थे। बाबला को पार्टी में शामिल कराने के लिए हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर खुद पहुंचे थे।
