चंद्रयान-3 पर साउथ स्‍टार प्रकाश राज को मजाक करना पड़ा भारी, सोशल पर हुए ट्रोल

सुपरस्‍टार प्रकाश राज को चंद्रयान-3 और विक्रम लैंडर का मजाक बनाना भारी पड़ गया है। सोशल मीडिया पर बुरी तरह ट्रोल हो रहे हैं|

Image:Social Media

साउथ से लेकर बॉलीवुड तक की फिल्‍मों में अपनी धमक रखने वाले प्रकाश राज को चंद्रयान-3 का मजाक बनाना महंगा पड़ गया। फिल्‍मों में दमदार एक्‍ट‍िंग के साथ ही अपनी बेबाक बयानी के लिए मशहूर प्रकाश राज को सोशल मीडिया पर खूब ट्रोल किया जा रहा है। प्रकाश राज ने रविवार रात को सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्‍ट किया, जो बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें उन्‍होंने चंद्रयान-3 और विक्रम लैंडर को लेकर एक कार्टून शेयर किया है।

देश में हर ओर जहां ‘चंद्रयान-3’ की सफलता को लेकर गर्व महसूस किया जा रहा है, वहीं लोगों को प्रकाश राज का इस तरह मजाक करना पसंद नहीं आया है। ‘सिंघम’ और ‘वॉन्‍टेड’ जैसी फिल्‍मों के एक्‍टर ने ‘एक्‍स’ पर एक कार्टून पोस्‍ट किया है, जिसमें एक किरदार चाय के साथ नजर आ रहा है। उन्‍होंने इसके साथ कैप्‍शन में लिखा है, ‘ब्रेकिंग न्‍यूज! ये देखिए विक्रम लैंडर से आई चांद की पहली झलक। वाउ।’

प्रकाश राज ने इस पोस्‍ट में किसी का नाम तो नहीं लिया है, लेकिन कार्टून में चायवाले को देखकर लोग इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज मान रहे हैं। इसके साथ ही चंद्रयान-3 का मजाक बनता देख इसे राष्ट्र का अपमान कर रहे हैं। एक यूजर ने कॉमेंट करते हुए लिखा है, ‘किसी से इतनी भी नफरत मत कीजिए कि यह देश से नफरत की तरह दिखने लगे।’ एक अन्‍य ने कॉमेंट किया, ‘आपका नाम प्रकाश है, लेकिन मतलब अंधकार है।’

एक तीसरे यूजर ने रिएक्‍ट करते हुए लिखा है, ‘आपकी यह हालत देखकर दुख होता है। आप इतना नीचे गिर गए हैं…शर्म आती है कि आप एक देशवासी हैं… मुझे इसरो पर गर्व है…जय हिंद।’ वैसे, यह पहली बार नहीं है जब प्रकाश राज ने ऐसा कोई विवादित ट्वीट किया है। इससे पहले भी वह देश में सत्तासीन बीजेपी और मोदी सरकार पर तंज कसते रहे हैं।

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) की ‘चंद्रयान-3’ अपने मिशन के आख‍िरी पड़ाव पर है। उम्‍मीद यही है कि 23 अगस्‍त को यह चांद के साउथ पोल पर लैंड कर जाएगा।

Credit:Social Platform
Back to top button