‘हनुमान अंश’ पर बरसी बजरंगबली की कृपा! बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर हुई फिल्म

Hanuman Ansh: नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी अद्भुत विरासत पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ (Hanuman Ansh) इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर अपनी जबरदस्त सफलता को लेकर सुर्खियों में है। शुरुआत में बहुत कम स्क्रीन मिलने और धीमी ओपनिंग के बावजूद फिल्म ने वर्ड-ऑफ-माउथ के दम पर शानदार वापसी की है।

इस बीच, शुरुआती दौर में ही फिल्म को फ्लॉप घोषित करने वाले दावों पर निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने खुलकर बात की है और अपनी नाराजगी जाहिर की है।

‘जब तक जनता साथ है, फिल्म हिट रहेगी’

न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत करते हुए निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने कहा कि फिल्म जब तक सिनेमाघरों में चल रही हो और उसका थिएट्रिकल रन पूरा न हुआ हो, तब तक उसे ‘हिट’ या ‘फ्लॉप’ का लेबल देना पूरी तरह से गलत और जल्दबाजी है।

उन्होंने कहा, इंडस्ट्री में इस बात के लिए कुछ तय मानक होने चाहिए। जब तक जनता आपके काम को पसंद कर रही है और उसके बारे में सकारात्मक बातें हो रही हैं, तब तक फिल्म हिट ही मानी जाएगी। मुझे पूरा भरोसा था कि फिल्म दर्शकों का दिल जीतेगी और लंबे समय तक सिनेमाघरों में टिकी रहेगी।”

25 थिएटर्स में 250 थिएटर्स जितनी कमाई

विशाल चतुर्वेदी ने फिल्म के उतार-चढ़ाव भरे सफर से जुड़ा एक दिलचस्प अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि शुरुआती हफ्ते में कम दर्शक मिलने के कारण दूसरे हफ्ते में फिल्म के शो घटाकर महज 25 थिएटर्स तक सीमित कर दिए गए थे। हालांकि, मजबूत कंटेंट के बल पर उन 25 सिनेमाघरों से ही इतनी बंपर कमाई हुई, जो पहले हफ्ते के 250 थिएटर्स के बराबर थी।

डायरेक्टर ने यह भी स्वीकार किया कि ‘टॉक्सिक’ और ‘आवारापन 2’ जैसी बड़ी मल्टी-स्टारर फिल्मों की रिलीज के कारण ‘हनुमान अंश’ को स्क्रीन और शो टाइमिंग हासिल करने में भारी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। लेकिन हाउसफुल शो और दर्शकों की बढ़ती मांग के बाद स्थिति में बदलाव आया।

कम बजट में बना ली बड़ी पहचान

महज ₹2 करोड़ के मामूली बजट में बनी ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी लागत वसूल करने के साथ-साथ अब तक ₹27 करोड़ से अधिक का शानदार कारोबार कर लिया है।

फिल्म का निर्देशन और लेखन विशाल चतुर्वेदी ने किया है। इसमें शोभिना डब्ल्यू. सत्या, विहान एस. हेगड़े, चंदन आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल के. रस्तोगी और गुलशन पांडे जैसे कलाकारों ने अहम भूमिकाएं निभाई हैं। फिल्म ट्रेड एनालिस्ट्स ने इसे 2026 की सबसे बड़ी सरप्राइज और स्लीपर हिट फिल्मों में से एक करार दिया है।

ये भी पढ़े-Toxic: रक्षाबंधन की छुट्टी भी नहीं आई काम, लगातार घट रहा ‘टॉक्सिक’ का खुमार

Back to top button