Box Office: बॉबी देओल की ‘बंदर’ पहले ही दिन हुई फुस्स, वरुण की फिल्म ने चौंकाया…

Box Office Collection: बॉक्स ऑफिस पर बॉबी देओल की फिल्म ‘बंदर’ पहले ही दिन फ्लॉप साबित हुई है। वहीं वरुण धवन की ‘है जवानी तो इश्क होना है’ ने दमदार ओपनिंग की है।

Box Office Collection: भारतीय बॉक्स ऑफिस पर इस हफ्ते एक बार फिर बड़ा महामुकाबला देखने को मिला है। सिनेमाघरों में इस शुक्रवार को कई बड़ी फिल्में आपस में टकराईं, लेकिन कुछ को छोड़कर बाकी फिल्मों की हालत खस्ता नजर आ रही है। जहां एक तरफ सुपरस्टार राम चरण की ‘पेद्दी’ (Peddi) बॉक्स ऑफिस पर राज कर रही है, वहीं वरुण धवन की रोमान्टिक-कॉमेडी और बॉबी देओल की क्राइम-ड्रामा के बीच सीधी टक्कर देखने को मिली।

आइए विस्तार से जानते हैं कि ‘पेद्दी’ (Peddi Day 2 Collection), ‘बंदर’ (Bandar) और ‘है जवानी तो इश्क होना है’ का बॉक्स ऑफिस पर कैसा हाल रहा और किस फिल्म ने कितने करोड़ का कलेक्शन किया।

बॉबी देओल की ‘बंदर’ (Bobby Deol Bandar)

अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनी और बॉबी देओल स्टारर फिल्म बंदर को लेकर दर्शकों में काफी बज था। ट्रेलर रिलीज के बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि बॉबी देओल एक बार फिर अपने विलेन या इंटेंस अवतार से पर्दे पर आग लगा देंगे। Sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘बंदर’ अपने पहले दिन 1 करोड़ रुपये का आंकड़ा भी नहीं छू सकी। फिल्म ने महज 50 लाख रुपये का कलेक्शन किया।

‘है जवानी तो इश्क होना है’ 

वरुण धवन की फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ ने बॉक्स ऑफिस पर सभी को चौंका दिया है। इस फिल्म ने पहले ही दिन शानदार फुटफॉल हासिल किया और ‘बंदर’ को कोसों पीछे छोड़ दिया। फिल्म ने भारत में पहले दिन 9,081 शोज से 7.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसका ग्रॉस इंडिया कलेक्शन लगभग 9 करोड़ रुपये रहा। फिल्म ने पहले ही दिन दुनियाभर में 11 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है।

राम चरण की ‘पेद्दी’ का धमाका

साउथ सुपरस्टार राम चरण की स्पोर्ट्स-ड्रामा फिल्म ‘पेद्दी’ (Peddi) बॉक्स ऑफिस पर लगातार नोट छाप रही है। दो दिनों में फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन 96.40 करोड़ रुपये हो गया है, यानी फिल्म घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ के बेहद करीब है।

अब देखना यह होगा कि शनिवार और रविवार (वीकेंड) के दिन वरुण धवन की ‘है जवानी…’ और राम चरण की ‘पेद्दी’ की कमाई में कितना उछाल आता है और बॉबी देओल की ‘बंदर’ वापसी कर पाती है या नहीं।

Back to top button