Stock Market: बाजार में भारी गिरावट, खुलते ही सेंसेक्स-निफ्टी दोनों क्रैश

Stock Market Crash: शेयर बाजार निवेशकों के लिए गुरुवार की शुरुआत बेहद खराब रही। मार्केट में कारोबार ओपन होने के साथ ही सेंसेक्स-निफ्टी क्रैश हो गए। बीएसई का 30 शेयरों वाला बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स 555 अंक लुढ़क कर 74272 पर खुला। एनएसई का 50 शेयरों वाला सूचकांक निफ्टी 225 अंकों की भारी गिरावट के साथ 23221 पर खुला।

कुछ ही देर में सेंसेक्स में गिरावट बढ़कर 631 अंक की हो गई और यह 74200 के भी नीचे आ गया। 1 मिनट में ही निवेशकों को 3 लाख करोड़ रुपये का झटका लग गया। बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 482 लाख करोड़ से घटकर 479 लाख करोड़ रुपये पर आ गया है।

सेंसेक्स-निफ्टी में भूचाल 

गुरुवार को शेयर मार्केट में कारोबार की शुरुआत होने के साथ ही बीएसई का सेंसेक्स अपने पिछले बंद 74,828 की तुलना में गिरकर 74,272 पर ओपन हुआ और फिर कुछ ही मिनटों में ये तेजी से क्रैश होता चला गया। महज पांच मिनट के कारोबार के दौरान Sensex 700 अंकों से ज्यादा की गिरावट लेकर 74,120 के लेवल पर आ गया था।

बजाज फाइनेंस 5% से ज्यादा टूटा

सेंसेक्स हीटमैप के आंकड़ों के मुताबिक, आज बाजार को नीचे खींचने में बैंकिंग और फाइनेंस सेक्टर के दिग्गजों का बड़ा हाथ रहा। बजाज फाइनेंस का शेयर 5.13% की भारी गिरावट के साथ ₹986.70 पर आ गया। वहीं, एक्सिस बैंक 3.50% टूटकर ₹1,201.00 पर कारोबार करने लगा और बजाज फिनसर्व 3.35% गिरकर ₹1,784.15 पर पहुंच गया। इंडिगो और कोटक महिंद्रा बैंक में भी क्रमश: 1.89% और 1.45% की गिरावट आई। इसके अलावा एचडीएफसी लाइफ और एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के शेयरों में भी भारी मंदी दर्ज की गई।

इन शेयरों ने दिखाई हिम्मत

बाजार में चौतरफा बिकवाली के माहौल के बीच केवल कुछ ही शेयर हरे निशान में टिके रह सके। टेक महिंद्रा 0.92% की मजबूती के साथ ₹1,569.30 पर ट्रेड करता नजर आया, जबकि सन फार्मा 0.29% चढ़कर ₹1,870.35 पर पहुंच गया।

क्यों गिरा आज बाजार?

बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में रही सुस्ती और वैश्विक स्तर पर अनिश्चितता के चलते निवेशकों ने आज मुनाफावसूली करना बेहतर समझा। विशेष रूप से बैंकिंग और फाइनेंशियल शेयरों पर बिकवाली का अत्यधिक दबाव रहा, जिसने पूरे भारतीय बाजार को गहरे लाल निशान में धकेल दिया।

आज के लिए क्या हैं ग्लोबल संकेत?

अमेरिकी शेयर बाजार में बुधवार को दबाव देखने को मिला। डॉऊ जोन्स करीब 350 अंक गिरा। एसएंडपी 500 में 0.75 प्रतिशत और नैस्डैक में 1.1 प्रतिशत की गिरावट रही। अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में तेजी और कच्चे तेल की कीमतों में दोबारा उछाल ने निवेशकों की धारणा पर असर डाला।

Back to top button